झारखंड में मौसम का तांडव ! 14 जिलों में भारी बारिश, आंधी-वज्रपात का अलर्ट

रांची: झारखंड में एक बार फिर मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य के कई हिस्सों में 17 और 18 अगस्त को भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है। इसके बाद भी मौसम का असर जारी रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार खूंटी, रांची, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह, दुमका, लातेहार, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा और चतरा में भारी बारिश के साथ तेज हवा चलने की आशंका है।
50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवा
बारिश के दौरान कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में पेड़ गिरने, बिजली के तारों को नुकसान पहुंचने और यातायात प्रभावित होने की आशंका बनी रह सकती है।
रांची समेत कई शहरों में आंधी-बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, दुमका, हजारीबाग, पलामू, रामगढ़, खूंटी, सिमडेगा और देवघर समेत कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवा और वज्रपात की संभावना है। राज्य में 21 अगस्त तक बारिश का असर बने रहने का अनुमान है।
खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। जरूरत नहीं होने पर घर से बाहर निकलने से बचें। आंधी या वज्रपात के दौरान पेड़, बिजली के खंभे, खुले मैदान और अन्य असुरक्षित स्थानों से दूरी बनाए रखें।












