रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद दर्दनाक घटना! पहले पत्नी-बेटी के साथ कराया फोटो सेशन… फिर 11 महीने की मासूम बेटी को यमुना नदी में फेंक दिया, पिता की करतूत से कांप उठा आगरा
11 महीने की बच्ची को लेकर बाजार निकला था रिंकू, अकबरा पुल पर पहुंचते ही किया खौफनाक काम; पत्नी को भी नदी में धकेलने की कोशिश का आरोप

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। आरोप है कि एक पिता ने अपनी 11 महीने की मासूम बेटी को यमुना नदी में फेंक दिया। घटना से पहले आरोपी ने अपनी पत्नी और बेटी के साथ फोटो भी खिंचवाई। इसके बाद अचानक उसने बच्ची को अपनी गोद से उठाकर नदी में फेंक दिया।
मामला थाना सिकंदरा क्षेत्र के अकबरा पुल का बताया जा रहा है। घटना के बाद आरोपी की पत्नी ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद राहगीरों ने आरोपी को पकड़ लिया। भीड़ ने उसकी पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
बाजार घुमाने के बहाने पत्नी और बेटी को लेकर निकला
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रिंकू और उसकी पत्नी के बीच पिछले करीब 6 से 7 महीने से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच दहेज को लेकर भी विवाद और मारपीट की बात सामने आई है। इसी वजह से पत्नी कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी।
आरोप है कि बाद में रिंकू अपनी पत्नी को वापस लेकर आया और उसे तथा 11 महीने की बेटी को बाजार घुमाने के बहाने घर से बाहर ले गया।
पहले फोटो खिंचवाई, फिर मासूम को नदी में फेंका
तीनों अकबरा पुल पर पहुंचे। यहां रिंकू ने अपनी पत्नी और बेटी के साथ फोटो सेशन कराया। इसके बाद जो हुआ, उसने सभी को झकझोर दिया।
आरोप है कि रिंकू ने अपनी गोद में मौजूद 11 महीने की बेटी को अचानक यमुना नदी में फेंक दिया। बेटी को नदी में गिरता देख पत्नी ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत आरोपी को पकड़ लिया।
पत्नी को भी नदी में धकेलने का आरोप
आरोपी पर अपनी पत्नी को भी यमुना में फेंकने की कोशिश करने का आरोप है। इस दौरान उसके हाथों में चोट आने की जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस की टीमें यमुना में बच्ची की तलाश कर रही हैं।
पत्नी पर शक करता था आरोपी
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच दहेज को लेकर विवाद चल रहा था। इसके अलावा आरोपी अपनी पत्नी पर शक भी करता था। इसी विवाद के चलते दोनों अलग रह रहे थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फोटो सेशन के दौरान ही अपनी 11 महीने की बेटी को यमुना में फेंका। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अन्य लोगों की भी तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, मामले में 2 से 3 अन्य लोगों के वांछित होने की बात सामने आई है। पुलिस उनकी भूमिका की जांच करते हुए तलाश में जुटी है।
फिलहाल पुलिस की टीमें यमुना में बच्ची की तलाश कर रही हैं। इस घटना ने एक बार फिर घरेलू विवाद और पारिवारिक कलह के बीच मासूम बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।












