घूमने निकले थे दो ममेरे-फुफेरे भाई… फिर बंद हो गए मोबाइल, सड़क किनारे मिली बाइक और अगले दिन सामने आया खौफनाक सच
लोहरदगा के स्मॉल फॉल में नहाने के दौरान हुआ हादसा, एक युवक का शव बरामद, दूसरे की तलाश में जुटी पुलिस; घरवालों को देर रात तक नहीं थी हादसे की खबर

लोहरदगा। झारखंड के लोहरदगा जिले में घूमने निकले दो ममेरे-फुफेरे भाइयों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। किस्को और जोबांग थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित देवदरिया पंचायत के मसुरियाखाड़ पुलिस पिकेट के पास स्मॉल फॉल में नहाने के दौरान दोनों युवक डूब गए। घटना की जानकारी अगले दिन पुलिस और परिजनों को मिली।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान एक युवक का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे युवक की तलाश अभी जारी है।
घूमने की बात कहकर निकले थे घर से
मृतकों में किस्को थाना क्षेत्र के होंदगा निवासी 24 वर्षीय लाल रितेश नाथ शाहदेव, पिता अजय नाथ शाहदेव और चतरा जिले के सिमरिया निवासी राजा सिंह, पिता सनूज कुमार सिंह शामिल हैं। दोनों आपस में ममेरे-फुफेरे भाई बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, दोनों गुरुवार दोपहर करीब एक बजे घर से घूमने जाने की बात कहकर निकले थे। देर शाम तक जब दोनों वापस नहीं लौटे तो परिवार के लोगों को चिंता होने लगी। परिजनों ने दोनों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनके मोबाइल फोन बंद मिले।
इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास और संभावित जगहों पर दोनों की तलाश शुरू कर दी।
सड़क किनारे मिली मोटरसाइकिल ने बढ़ाई चिंता
तलाश के दौरान परिजनों और अन्य लोगों को सड़क किनारे दोनों की मोटरसाइकिल खड़ी मिली। इसके बाद अनहोनी की आशंका और गहरा गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई और परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाके में तलाश शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि दोनों स्मॉल फॉल में नहाने गए थे और इसी दौरान पानी में डूब गए।
एक युवक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी
सूचना मिलते ही किस्को एसडीपीओ दिवाकर कुमार, इंस्पेक्टर चंद्रशेखर आजाद, किस्को थाना प्रभारी वारिस हुसैन और जोबांग थाना प्रभारी विष्णु रजक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस टीम ने स्मॉल फॉल में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान लाल रितेश नाथ शाहदेव का शव बरामद कर लिया गया।
वहीं, दूसरे युवक राजा सिंह की तलाश अभी जारी है। पुलिस टीम घटनास्थल पर अभियान चला रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
दोनों युवकों के अचानक लापता होने, मोबाइल बंद मिलने और फिर स्मॉल फॉल में हादसे की जानकारी सामने आने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।












