झारखंड को सौगात: PM मोदी 1 मार्च को 11 बजे देंगे झारखंड को बड़ी सौगात, सांसद निशिकांत दुबे ने ट्वीट कर दी ये जानकारी

रांची। झारखंडवासियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बड़ा तोहफा देने जा रहे हैं। देवघर से गोड्डा नए रेलवे लाइन की शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी करेंगे। सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया पर ये जानकारी साझा की है। सांसद निशिकांत ने इसके लिए रेल मंत्री अश्निवी वैष्णव का भी आभार जताया है।

दरअसल देवघर-गोड्डा रेल लाइन रिकार्ड समय में बनकर तैयार हुआ है। अब ये रेल लाइन शुरू होने वाला है। 1 मार्च को दिन के 11 बजे प्रधानमंत्री मोदी इस रेल लाइन की शुभारंभ करेंगे। सांसद दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री के कारण इस पिछड़े क्षेत्र में आज़ादी के 77 साल बाद लोगों को रेल देखने व यात्रा करने का अवसर मिलेगा । सांसद निशिकांत दुबे ने अश्विनी वैष्णव का आभार जताते हुए कहा कि समय से पहले प्रोजेक्ट पूरा करने के लिए रेल मंत्री का आभार है।
आपको बता दें कि पहले ही रेलवे मंत्रालय ने देवघर से गोड्डा भाया नव निर्मित मोहनपुर हसडीहा रेल लाइन से पहली पैसेंजर ट्रेन की मंजूरी दे दी है। रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव के आदेश पर रेलवे ने देवघर-गोड्डा पैसेंजर ट्रेन की मंजूरी दी है। अब गोड्डा से देवघर की दूरी यात्री मात्र 2 घंटे में तय करेंगे। इससे पहले गोड्डा से देवघर के लिए कोई सीधी रेल सुविधा उपलब्ध नहीं थी। देवघर जाने के लिए गोड्डा- दुमका 03456 ट्रेन से और गोड्डा- रांची इंटरसिटी से देवघर जाना पड़ता था. समय अधिक लगने के कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब यात्री सीधे गोड्डा से देवघर कम समय में पहुंच सकते हैं।











