पहले शिक्षक और अब मुख्यमंत्री बनेगी: पिता प्रोफेसर, सांसद का चुनाव हारी, फिर ऐसे शिक्षिका बनी दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री

By :  Ashrita
Update: 2024-09-17 08:00 GMT

Atishi Chief Minister: आतिशी दिल्ली की नयी मुख्यमंत्री होगी। अगले दो महीने में दिल्ली का चुनाव होगा। ये चुनाव दिल्ली में आम आदमी पार्टी आतिशी के मुख्यमंत्री के नेतृत्व काल में ही लड़ेगी। आतिशी की गिनती आम आदमी पार्टी के सबसे पढ़े-लिखे नेताओं में होती है। वह राजनीति में आने से पहले टीचर थीं और उन्होंने ऑक्सफोर्ड से पढ़ाई की है। अरविंद केजरीवाल जब जेल में थे, तब आतिशी काफी मुखर होकर सामने आई थीं और मीडिया के सामने भी पार्टी का स्टैंड वह बड़ी मजबूती के साथ रखती थीं।

"
"

आतिशी के पिता प्रोफेसर रहे हैं

आतिशी का जन्म 8 जून 1981 को दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के प्रोफेसर विजय सिंह और त्रिप्ता वाही के घर हुआ था। आतिशी ने स्कूली शिक्षा दिल्ली के पूसा रोड के स्प्रिंगडेल स्कूल से की है। इसके बाद उन्होंने दिल्ली के ही सेंट स्टीफंस कॉलेज में हिस्ट्री में बीए किया। आतिशी ने प्रसिद्ध ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से शेवनिंग स्कॉलरशिप पर मास्टर की डिग्री हासिल की है। इसके बाद उन्होंने रोड्स स्कॉलर के रूप में ऑक्सफोर्ड से दोबारा डिग्री हासिल की। आतिशी ने आम आदमी पार्टी को ज्वाइन करने से पहले मध्य प्रदेश के एक छोटे से गांव में 7 साल तक काम किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजनीति में आने से पहले आतिशी ने कुछ समय आंध्र प्रदेश के ऋषि वैली स्कूल में इतिहास और अंग्रेजी पढ़ाने का काम भी किया था। आतिशी को कई बार दिल्ली के शैक्षणिक संस्थानों के कायाकल्प करने में अहम रोल निभाने का श्रेय भी दिया जाता है।

गौतम गंभीर के खिलाफ चुनाव हारी थी आतिशी

साल 2013 में आतिशी ने आम आदमी पार्टी के साथ सियासी सफर शुरू किया था। जुलाई 2015 से अप्रैल 2018 तक वह मनीष सिसोदिया की सलाहकार थीं। इसके बाद साल 2019 में आतिशी ने पूर्वी दिल्ली सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा लेकिन वह गौतम गंभीर से हार गईं। हालांकि, साल 2020 के विधानसभा चुनाव में आतिशी ने पहली बार कालकाजी सीट से चुनाव जीता और विधायक बनीं।9 मार्च 2023 को आतिशी पहली बार दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार में मंत्री बनीं। वर्तमान में आतिशी के पास में PWD, शिक्षा समेत कुल 13 मंत्रालय हैं। आतिशी को अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया दोनों का ही करीबी माना जाता है। वह आम आदमी पार्टी की सबसे मुखर प्रवक्ताओं में एक हैं।

Tags:    

Similar News