हेमंत सोरेन ने किया सावधान! बोले, किसानों के सम्मान पर भी भाजपा अड़ंगा ना लगा दे, लाठी, डंडा, गोली से डरने वाले नहीं...

By :  Aditya
Update: 2024-09-26 17:41 GMT

रांची। झारखंड में चुनावी बयानबाजी जारी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जहां कार्यक्रम के दौरान सभा में भाजपा पर निशाना साध रहे हैं, तो वहीं पत्नी कल्पना सोरेन मंईयां सम्मान यात्रा के दौरान भाजपा पर हमला बोल रही है। इधर हेमंत सोरेन किसानों के ऋण माफी कार्यक्रम में अपने संबोधन में भाजपा को निशाने पर लिया।

आज हम किसानों को सम्मान दे रहे हैं। कहीं इस पर भी भाजपा फिर अड़ंगा न लगा दें। क्योंकि भाजपा के लोग आपके विकास में हर किये जा रहे काम में बाधा उत्पन्न करते हैं। लेकिन कोई बात नहीं हम लोग यह लड़ाई भी जीतेंगे। क्यों हमारे किसान समृद्ध नहीं हो सकते? क्यों झारखण्ड - दूध उत्पादन, अंडा उत्पादन, मछली उत्पादन समेत सब्जी उत्पादन में आगे नहीं बढ़ सकता है? यहां की मिट्टी बहुत उपजाऊ है।

बस हमें नीतियों पर काम करने की आवश्यकता है। हम लोगों ने राज्य को जो दिशा दिया है वह किसानों के लिए, गांव की अर्थव्यवस्था के लिए, किसानों के लिए मिल का पत्थर साबित होगा।

हेमंत सोरेन ने कहा कि बहुत जल्द चुनाव आने वाला है और भाजपा के षड्यंत्रकारी लोग फिर से गिद्ध की तरह मंडरा रहे हैं। यह ऐसे लोग हैं जो एक बार दिखेंगे, दोबारा नहीं। ऐसे लोगों से आपको होशियार रहने की जरूरत है। हम लोग हक-अधिकार मांगने का काम करते हैं तो यह लोग हमें जेल में डालने का काम करते हैं। लेकिन हम लाठी-डंडा और गोली से डरने वाले नहीं हैं। हमने लड़ कर झारखण्ड लिया है, हम अधिकार भी लड़ कर लेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा राज्य देश का सबसे पिछड़ा राज्य है। यहां के लोग खेती-बाड़ी पर निर्भर रहते हैं। सरकार 24 घंटे राज्य की जनता की सेवा में लगी हुई है। हम लोगों ने पहले चरण में ₹50 हजार तक का ऋण माफ करने की योजना बनाई थी और किसानों को लाभ भी दिया था, लेकिन मौसम की मार किसानों को लगातार दो-तीन वर्ष से हो रही थी।

किसान अगर एक बार मौसम की मार खाता है तो उसे कमर सीधा करने में समय लगता है, इसलिए हम लोगों ने राज्य के लगभग 38 लाख पंजीकृत किसानों को ₹2 लाख तक का ऋण माफ करने का निर्णय लिया। आज उसी के तहत करीब लगभग 400 करोड़ का ऋण माफ किया जा रहा है।

आपकी सरकार ने आपके चेहरे पर मुस्कान लाने का हर संभव प्रयास किया है। आज गांव-गांव सरकार जाती है और लोगों की समस्याओं का समाधान करती है। किसानों का ऋण माफी हो रहा है। बकाया बिजली बिल माफ किया जा रहा है। 200 यूनिट तक बिजली भी मुफ्त कर दी गई है। आप बेफिक्र रहिए। अपने बच्चों का लालन-पालन बेहतर ढंग से करें, सरकार आपके साथ है।

Tags:    

Similar News