भाजपा की गोगो दीदी योजना से क्या झामुमो के अंदर है बैचेनी ? आखिर कल्पना क्यों है भाजपा के इस योजना को लेकर आक्रामक

By :  Aditya
Update: 2024-10-05 17:03 GMT

रांची। हेमंत सरकार जिस मंईयां सम्मान योजना के बूते चुनावी नैय्या पार लगाने की सोच रही थी, भाजपा ने गोगो दीदी योजना के ऐलान से उस उम्मीद को बड़ा धक्का दे दिया है। लिहाजा अब हेमंत सरकार भाजपा की इस योजना को लेकर सवाल खड़ा करने में जुट गयी है। सत्ता पक्ष की तरफ से मंईया सम्मान यात्रा की कमान संभालने वाली कल्पना सोरेन शनिवार को भाजपा और उसकी गोगो दीदी योजना को लेकर काफी हमलावर रही। उन्होंने ऐसी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर ही सवालिया निशान खड़ा कर दिया है।

झामुमो की बैचेनी के पीछे क्या है वजह

आखिर सत्ता पक्ष के बैचेनी के पीछे की वजह क्या है? राजनीति के जानकारों की मानें तो महिला वोटर इस बार विधानसभा चुनाव में काफी निर्णायक रहने वाली है। महिलाओं में वो शक्ति भी है, कि वो पोलराइजेशन कर सकती है। वो ना सिर्फ अपने परिवार बल्कि आसपास की महिलाओं को भी कन्विंस कर सकती है। लिहाजा हेमंत सरकार हो या भाजपा दोनों ही पार्टियों की नजर इसलिए महिला वोटर्स पर ज्यादा है।

हेमंत सरकार 1000 रुपये दे रही थी, ऐसे में भाजपा ने 2100 रुपये देने का वादा किया है, जाहिर है रकम ज्यादा है, महिलाओं का आकर्षण भी भाजपा की तरफ ज्यादा होगा, लिहाजा झामुमों के अंदर बैचेनी बढ़नी लाजिमी है। दूसरी बात ये भी है कि भाजपा महिलाओं के बीच फार्म बांटने वाली है, इससे महिलाओं के लिए इस योजना को लेकर विश्वास बढ़ेगा और इसका फायदा भाजपा को चुनाव में भी दिखेगा।

कल्पना सोरेन हुई हमलावर

कल्पना सोरेन ने मंईया सम्मान यात्रा के दौरान कहा कि भाजपा ने पूरे देश को फॉर्म भरवाकर करोड़ों लोगों को कई बार चूना लगाने का काम किया है। पहले इन्होंने 15 लाख रुपए के लिए फॉर्म भरवाया, फिर 2 करोड़ नौकरी के लिए, क्या हुआ सब जानते हैं। अब फिर भाजपा का झारखण्ड में कोई फॉर्म भरवाने का जुमला शुरू होने वाला है। झारखण्ड की जनता ने 20 साल भाजपा की जुमलेबाजी को देखा है। भाजपा का झूठ, षड्यंत्र और फरेब अब चलने वाला नहीं है।


जल सहिया की दीदियां हों, पोषण सखी हों, या सखी मंडल की लाखों बहनें—आपकी हेमंत सरकार ने इन्हें सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कार्य किये हैं। जल सहिया और पोषण सखी बहनों का मानदेय बढ़ाया गया है, जबकि सखी मंडल की दीदियों को 11,000 करोड़ रुपये का क्रेडिट लिंकेज उपलब्ध कराया गया है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने पैरों पर खड़ी हो सकें।

यह सब आपके हेमन्त दादा की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। भाजपा के लोग सिर्फ कागज का फॉर्म भरवाते हैं, पर काम नहीं करते। वादे करते हैं, और भूल जाते हैं। हर बार चुनाव आने पर ये लोग कई जुमले फेंकते हैं और भोली जनता को बहकाने का प्रयास करते हैं।

Tags:    

Similar News