CM साय की पहल से जशपुर को 8.44 करोड़ की बड़ी सौगात, चार नई सड़कों से बदलेगी गांवों की तस्वीर
ग्रामीण संपर्क मार्गों को मिली प्रशासनिक मंजूरी, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेती और व्यापार को मिलेगा सीधा फायदा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर जशपुर जिले के ग्रामीण इलाकों को सड़क विकास की बड़ी सौगात मिली है। राज्य सरकार ने वर्ष 2025-26 के बजट प्रावधान के तहत जिले के चार महत्वपूर्ण ग्रामीण संपर्क मार्गों के निर्माण के लिए 8 करोड़ 44 लाख 68 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से दूरस्थ गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि तथा व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
सरकार की मंजूरी के अनुसार बुलडेगा से रेचवाघाट पहुंच मार्ग (1.20 किमी) के निर्माण के लिए 1.23 करोड़ रुपये, खुंटापानी से सलियामुड़ा मार्ग (3 किमी) के लिए 3.46 करोड़ रुपये, कोसमभावना से बनगांव मार्ग (1.20 किमी) के लिए 1.43 करोड़ रुपये तथा बुलडेगा मेन रोड से सुकबासुपारा होते हुए भिंजपुर मार्ग (2.50 किमी) के लिए 2.30 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनमें कुछ परियोजनाओं में पुल-पुलिया निर्माण भी शामिल है, जिससे बारिश के दौरान आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान होगा।
सरकार का कहना है कि इन सड़कों के निर्माण से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, विद्यार्थियों का स्कूल-कॉलेज तक सफर सुगम होगा और मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं तक तेज़ी से पहुंचने में मदद मिलेगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापार और सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अधोसंरचना को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उनका मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद जशपुर के कई गांवों की तस्वीर बदल जाएगी और विकास की रफ्तार पहले से कहीं अधिक तेज होगी।









