सीओ पर जानलेवा हमला : घर में घुसकर चाकू से गोद डाला

बिहार : बेगूसराय में हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जब मुख्य बाजार के बुद्धद्वार के पास सीओ शिवेंद्र कुमार के निजी आवास पर घुसकर उन्हें चाकू गोदकर घायल कर दिया गया। घटना बुधवार देर शाम की है। लोगों ने गंभीर हालात में उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। बखरी के निवर्तमान सीओ शिवेंद्र कुमार का हाल में गया तबादला हुआ है।
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि बखरी प्रखंड के अंचलाधिकारी शिवेंद्र कुमार बुधवार की रात अपने आवास में थे. इसी दौरान शकरपूरा गांव का रहने वाला मोहन कुमार उनके फ्लैट पर पहुंचा और ताबड़तोड़ दस बार चाकू से वार कर दिया. शोर सुनकर आसपास और घर के लोग पहुंचे. उन्होंने बदमाश को पकड़ लिया. इसके बाद, उसकी जमकर धुनाई कर दी. घटना की जानकारी पुलिस को मिलते ही, थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और उन्होंने आरोपी को हिरासत में ले लिया.
चाकू छोटा होने से बच गयी जान
आरोपी मोहन कुमार का सीओ के साथ म्यूटेशन को लेकर कुछ विवाद हुआ था. इसके कारण आरोपी ने शिवेंद्र कुमार पर हमला किया. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों ने बताया कि दस बार वार होने के बाद भी पीड़ित की जान बच जाने के दो कारण है. एक आरोपी के द्वारा वार करने के लिए छोटे चाकू का प्रयोग किया गया था. इसके कारण गहरे घाव शरीर में नहीं बने. साथ ही, लगातार वार होने की स्थिति में घायल ने अपने पेट और सीने के बचाकर रखा. हालांकि, पुलिस ने हमला करने के कारण की पुष्टि नहीं की है. घायल शिवेंद्र कुमार का अभी इलाज चल रहा है.











