दारोगा बनने से पहले मौत : दारोगा परीक्षा देने जा रही युवती को चलती ट्रेन से बदमाशों ने दिया धक्का, ट्रेन से हाथ-पांव कटे, इलाज के दौरान मौत

पटना। दारोगा की परीक्षा देने आयी युवती की इलाज के दौरान मौत हो गयी। युवती का नाम सलोनी है, जो ट्रेन में सफर के दौरान हादसे का शिकार हो गयी थी। जानकारी के मुताबिक रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते समय मोबाइल छीनने के लिए बदमाश ने धक्का दिया। ट्रेन से युवती के हाथ पैर कट गए थे, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान पीएमसीएच में उसकी मौत हो गयी।
सलोनी पूर्वी चंपारण के पलनवा थाना के उंचीडीह गांव की रहने वाली है। गांव काफी पिछड़ा है। सीमित संसाधनों में भी सलोनी दारोगा की तैयारी कर रही थी। रविवार की सुबह वह भर्ती परीक्षा देने के लिए मोतिहारी निकली थी। रक्सौल-मुजफ्फरपुर मेमो में स्टेशन पर चढ़ने के दौरान बदमाश ने उसका मोबाइल और पर्स छीन लिया और फिर ट्रेन से धक्का दे दिया।
घटना में सलोनी का एक पैर और एक हाथ कट गया था। वहीं सर पर भी गंभीर चोट आयी थी। उसे सदर अस्पताल में रेफर किया गया, लेकिन परिजनों का कहना है कि उसके इलाज में लापरवाही बरती गयी, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गयी। सिटी स्कैन से लेकर अन्य जांच में भी काफी लेट लतीफी हुई। जिससे उसकी हालत बिगड़ती चली गयी। जिंदगी और मौत से लड़ते हुए 5वें दिन उसकी मौत हो गयी।











