पूर्व मुखिया पति को गोलियों से भूना: शादी के कार्यक्रम से न्योता देकर लौट रहे थे, घर के करीब मार दी गोली

सारण। पूर्व मुखिया पति की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। घटना सारण जिले के माझी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुबारकपुर पंचायत का है। पूर्व मुखिया पति को गोली से गंभीर से घायल अवस्था में अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। ग्रामीणों के अनुसार, वे अपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे। पिछले तीन बार से उनकी पत्नी मुबारकपुर पंचायत के मुखिया थी। इस बार उनकी पत्नी को विजय यादव ने हराया था। उनकी हत्या को लेकर पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच पड़ताल कर रही है।
जानकारी के मुताबिक मुबारकपुर पंचायत के पूर्व मुखिया के पति हरेंद्र यादव शनिवार की रात्रि में बाइक पर सवार होकर गांव के कविंद्र यादव के साथ मटियार गांव से शादी ब्याह का न्योता कर घर लौट रहे थे। उसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने मुबारकपुर पंचायत की पूर्व मुखिया निर्मला देवी के पति हरेंद्र यादव को गोली मार दी। उन्हें एकमा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां उनकी हालत नाजुक देख चिकित्सक ने छपरा रेफर कर दिया, जहां उनकी मौत हो गयी।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। हत्या की घटना के बाद पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। पूर्व मुखिया पति के विरुद्ध कई अपराधिक मामले भी दर्ज हैं। ग्रामीणों के अनुसार घर से 200 मीटर की दूरी पर इन्हें रेवल पुल के पास घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें पेट में गोली मार दी। गोली लगते ही हरेंद्र यादव अचेत होकर गिर गए। इनके पीछे बैठे कविंद्र बैठा को भी हल्की चोट लगी। इसके बाद बदमाश फरार हो गए।











