गर्लफ्रेंड, प्राइवेट जेट और VIP सूट… FBI चीफ की ‘सीक्रेट नाइट’ ने मचा दिया बवाल, अब उठ रहे बड़े सवाल
आधिकारिक दौरे के नाम पर देर रात तक चली लग्जरी मौज? FBI डायरेक्टर काश पटेल पर सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग के आरोपों से अमेरिका में हड़कंप

गर्लफ्रेंड, प्राइवेट जेट और VIP सूट… FBI चीफ की ‘सीक्रेट नाइट’ ने मचा दिया बवाल, अब उठ रहे बड़े सवाल
अमेरिका की सबसे ताकतवर जांच एजेंसी FBI के डायरेक्टर Kash Patel एक बार फिर बड़े विवाद में फंस गए हैं। इस बार मामला किसी जांच या राजनीतिक बयान का नहीं, बल्कि उनकी कथित लग्जरी लाइफस्टाइल और सरकारी संसाधनों के इस्तेमाल से जुड़ा है। अमेरिकी मीडिया में सामने आई रिपोर्ट्स ने ऐसा तूफान खड़ा कर दिया है, जिसने वॉशिंगटन की सियासत से लेकर सुरक्षा एजेंसियों तक हलचल मचा दी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 10 मई को काश पटेल अपनी गर्लफ्रेंड Alexis Wilkins के साथ FBI के आलीशान गल्फस्ट्रीम-V प्राइवेट जेट से वॉशिंगटन डीसी से फिलाडेल्फिया पहुंचे। यहां दोनों ने मशहूर कंट्री म्यूजिक स्टार George Strait और Chris Stapleton के कॉन्सर्ट में हिस्सा लिया।
लेकिन असली बवाल तब शुरू हुआ, जब खुलासा हुआ कि इस कॉन्सर्ट के लिए कथित तौर पर 35 हजार से 50 हजार डॉलर तक की कीमत वाला VIP प्राइवेट सूट इस्तेमाल किया गया। आरोप है कि कार्यक्रम खत्म होने के बाद भी FBI का फ्लाइट क्रू और सुरक्षा स्टाफ देर रात तक सिर्फ इस खास ‘डेट नाइट’ के लिए तैनात रहा। यही वजह है कि अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल निजी मौज-मस्ती के लिए किया गया?
मामले ने इतना तूल पकड़ लिया कि FBI को खुद सामने आकर सफाई देनी पड़ी। FBI प्रवक्ता बेन विलियमसन ने इन सभी आरोपों को भ्रामक बताते हुए कहा कि एलेक्सिस विल्किंस आधिकारिक अतिथि के तौर पर इस यात्रा में शामिल थीं और पूरा दौरा सरकारी कार्यक्रम का हिस्सा था। उन्होंने कहा कि सुरक्षा कारणों से डायरेक्टर के साथ विशेष व्यवस्थाएं करना सामान्य प्रक्रिया है।
हालांकि आलोचक इस सफाई से संतुष्ट नजर नहीं आ रहे। उनका कहना है कि अमेरिकी टैक्सपेयर्स के पैसे पर VIP लग्जरी और निजी रिश्तों का यह प्रदर्शन गंभीर सवाल खड़े करता है।
यह पहली बार नहीं है जब काश पटेल विवादों में आए हों। इससे पहले भी हवाई में पर्ल हार्बर स्थित यूएसएस एरिजोना मेमोरियल के पास हुई एक VIP स्नॉर्कल ट्रिप को लेकर उन पर सवाल उठे थे। तब भी पटेल ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा था कि उनका हर कार्यक्रम नियमों और आदेशों के तहत ही आयोजित किया गया था।
अब देखना होगा कि यह मामला केवल मीडिया विवाद बनकर रह जाता है या फिर FBI चीफ की मुश्किलें आने वाले दिनों में और बढ़ने वाली हैं।












