श्रावणी मेला को लेकर स्वास्थ्य विभाग हुआ अलर्ट, जसीडीह स्टेशन पर चौबीसो घंटे तैनात रहेगी डाक्टर व स्वास्थ्यकर्मियों की टीम
The Health Department has gone on alert for the Shravani Mela; a team of doctors and health workers will be deployed round-the-clock at Jasidih station.

देवघर। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले की शुरुआत होने वाली है। हर बार की तरह इस बार भी देश विदेश से लाखों श्रद्धालू बाबा नगरी पहुंचेंगे। लाखों लोगों की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे और जिला स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की तैयारी तेज कर दी है। श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान त्वरित और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को आसनसोल रेल मंडल की अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रजनी सिन्हा ने देवघर के सिविल सर्जन डॉ. रमेश कुमार के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।बैठक में डॉक्टरों की तैनाती, पैरामेडिकल स्टाफ, एंबुलेंस सेवा और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
जसीडीह स्टेशन पर चौबीसों घंटे मिलेगी चिकित्सा सुविधा
बैठक में निर्णय लिया गया कि श्रावणी मेला अवधि के दौरान जसीडीह रेलवे स्टेशन पर 24 घंटे चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रहेगी। यहां राज्य सरकार की ओर से एक चिकित्सक तथा रेलवे की ओर से एक चिकित्सक की तैनाती की जाएगी। दोनों चिकित्सकों के साथ प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ भी मौजूद रहेगा, ताकि किसी भी श्रद्धालु को तत्काल इलाज मिल सके।
श्रद्धालुओं की सबसे बड़ी आवाजाही का केंद्र है जसीडीह
श्रावणी मेले में देशभर से आने वाले लाखों कांवरिये और श्रद्धालु ट्रेन के माध्यम से सबसे पहले जसीडीह रेलवे स्टेशन पहुंचते हैं। यहां से वे बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर के लिए रवाना होते हैं। ऐसे में भीड़ के बीच किसी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने या दुर्घटना जैसी स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए रेलवे और स्वास्थ्य विभाग ने विशेष व्यवस्था की है।
आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस रहेगी तैनात
मेला अवधि के दौरान जसीडीह रेलवे स्टेशन पर एंबुलेंस की भी व्यवस्था रहेगी। यदि किसी श्रद्धालु की हालत गंभीर होती है तो उसे बिना विलंब नजदीकी अस्पताल या उच्च चिकित्सा केंद्र पहुंचाया जाएगा। अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि एंबुलेंस सेवा पूरी मेला अवधि में सक्रिय रहे और आवश्यकता पड़ते ही तत्काल उपलब्ध कराई जाए।
स्वास्थ्य सुविधाओं पर रहेगा विशेष फोकस
रेलवे और जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रावणी मेले के दौरान आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और त्वरित स्वास्थ्य सुविधा मिल सके। इसके लिए देवघर, जसीडीह और बैद्यनाथधाम रेलवे स्टेशनों पर चिकित्सा व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।









