“…मैं आपकी परेशानियों को समझ सकती हूं” कल्पना सोरेन ने की अरविंद केजरीवाल की पत्नी से बात, बोली, पूरा झारखंड केजरीवाल जी के साथ…

रांची। एक महीने के भीतर दो मुख्यमंत्री को जेल जाना पड़ा। एक जमीन घोटाले में ED के शिकंजे में है, तो दूसरे शराब घोटाले में…। दिल्ली के सीएम की गिरफ्तारी के बाद झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन (Hemant Soren) की पत्नी कल्पना सोरेन (Kalpana Soren) ने पत्नी सुनीता केजरीवाल (Sunita Kejriwal) से फोन पर बात की। कल्पना सोरेन ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में हेमंत सोरेन जी के नेतृत्व में पूरा झारखंड केजरीवाल जी के साथ खड़ा है।
कल्पना सोरेन ने लिखा, “अभी अरविंद केजरीवाल जी की धर्म पत्नी सुनीता केजरीवाल जी से बात कर उन्हें साहस देने का प्रयास किया। एक साथी के रूप में मैं उनकी परेशानियों को समझ सकती हूं। “
कल्पना सोरेन ने लिखा, “लोकप्रिय निर्वाचित मुख्यमंत्रियों की गैरकानूनी ढंग से गिरफ्तारी और वह भी तब जब देश में आम चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा हो गई हो, एक लोकतांत्रिक देश के लिए यह सामान्य घटना नहीं है. संकट की इस घड़ी में हेमन्त सोरेन जी के नेतृत्व में पूरा झारखण्ड केजरीवाल जी के साथ खड़ा है. India झुकेगा नहीं.”
आपको बता दें कि कल्पना सोरेन ने पिछले दिनों सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि शासन का मतलब तानाशाही हो गया है. देश का हर कोना इनके जुल्म की गवाही हो गया है. इन्हें लगता है कि करोड़ों लोगों का नेतृत्व कर रहे जननेताओं को अरेस्ट कर ये फिर से गद्दी पर बैठ जाएंगे, लेकिन जनता इसका मुंहतोड़ जवाब देगी. 31 जनवरी 2024 को ईडी ने जमीन घोटाले में हेमंत सोरेन को लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया था. गिरफ्तारी के बाद उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ की गयी थी. फिलवक्त हेमंत सोरेन रांची की होटवार जेल में हैं. इधर, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को ईडी ने शराब घोटाले से जुड़े मनी लाउंड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया है।











