‘जॉब नहीं मिलेगा, तो सिंहासन हिलेगा…’ राहुल गांधी का बड़ा ऐलान, 8 अगस्त को प्रयागराज में छात्रों के साथ करेंगे सीधा संवाद

केपी कॉलेज मैदान में होगा छात्र सम्मेलन, रोजगार, शिक्षा और बेरोजगारी के मुद्दों पर युवाओं से करेंगे चर्चा।

प्रयागराज। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आगामी 8 अगस्त को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में युवाओं और छात्रों के साथ सीधा संवाद करेंगे। कांग्रेस की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम केपी कॉलेज मैदान में होगा, जहां शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

कांग्रेस का कहना है कि यह आयोजन युवाओं के बीच सीधे संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।

रोजगार और शिक्षा रहेंगे मुख्य मुद्दे

इस कार्यक्रम में राहुल गांधी देश में बढ़ती शिक्षा लागत, युवाओं के सामने रोजगार के संकट, प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी शिक्षण संस्थानों की स्थिति जैसे मुद्दों पर छात्रों से बातचीत करेंगे। कांग्रेस ने केंद्र और राज्य सरकार पर शिक्षा व्यवस्था के व्यवसायीकरण और युवाओं के भविष्य की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।

युवाओं को जोड़ने के लिए विशेष अभियान

राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने विशेष पंजीकरण अभियान भी शुरू किया है। QR कोड और मिस्ड कॉल के माध्यम से छात्रों और युवाओं का रजिस्ट्रेशन कराया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस कार्यक्रम में शामिल हो सकें।

‘देश का सबसे बड़ा छात्र सम्मेलन’ का दावा

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने दावा किया है कि 8 अगस्त को प्रयागराज में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम देश का सबसे बड़ा छात्र सम्मेलन और छात्र कूच होगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की अगुवाई में यह युवाओं और छात्रों का तीसरा बड़ा संवाद कार्यक्रम है, जिसमें बड़ी संख्या में छात्रों के शामिल होने की उम्मीद है।

कोटा और देहरादून के बाद अब प्रयागराज

राहुल गांधी ने युवाओं से संवाद की इस श्रृंखला की शुरुआत 17 जून को राजस्थान के कोटा से की थी। इसके बाद देहरादून में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। दोनों आयोजनों के बाद अब प्रयागराज का छात्र सम्मेलन कांग्रेस के लिए राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है।

8 अगस्त को होने वाले इस कार्यक्रम पर अब प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश की राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close