Jharkhand News: महिला दारोगा, पति व बेटे के साथ दुर्व्यवहार, ट्रेन में हुई घटना, आरक्षित सीट को लेकर हुआ बवाल, ड्यूटी ज्वाइन करने जा रही थी महिला दारोगा
Jharkhand News: Female Sub-Inspector, her husband, and son subjected to mistreatment on a train; an altercation broke out over a reserved seat while the officer was en route to join duty.

साहिबगंज/पटना: झारखंड पुलिस की महिला सब इंस्पेक्टर (दारोगा) पूजा कुमारी, उनके पति और छोटे बच्चे के साथ मारपीट हुई है। बताया जा रहा है कि गया-हावड़ा एक्सप्रेस में दोरागा की फैमिली के साथ मारपीट की ये घटना हुई है। आरोप है कि आरक्षित सीट पर कब्जा करने को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ युवकों ने अपने साथियों को बुलाकर दंपती के साथ मारपीट की। घटना के बाद महिला दरोगा ने जीआरपी में एफआईआर दर्ज कराई है। रेलवे पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बरहरवा ड्यूटी ज्वाइन करने जा रही थीं महिला दरोगा
मिली जानकारी के अनुसार, पूजा कुमारी झारखंड के साहिबगंज जिले के बरहरवा थाना में सब इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थ हैं। उन्हें 6 जुलाई को ड्यूटी ज्वाइन करनी थी। इसी सिलसिले में वह अपने पति हरिओम कुमार और छोटे बच्चे के साथ गया-हावड़ा एक्सप्रेस से बरहरवा लौट रही थीं। हरिओम कुमार भी झारखंड पुलिस की स्पेशल ब्रांच में सब इंस्पेक्टर हैं।
आरक्षित सीट पर कब्जे को लेकर शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि नवादा स्टेशन के पास कुछ युवक उनकी आरक्षित सीट पर आकर बैठ गए। जब दंपती ने उन्हें अपना आरक्षण दिखाते हुए सीट खाली करने को कहा तो कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवकों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और महिला दरोगा, उनके पति तथा उनके साथ मौजूद छोटे बच्चे के साथ मारपीट की। घटना से ट्रेन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पहचान बताने के बाद हरकत में आई रेलवे पुलिस
दारोगा पूजा कुमारी का आरोप है कि घटना की सूचना तत्काल आरपीएफ और जीआरपी को दी गई, लेकिन शुरुआत में पुलिसकर्मियों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने और उनके पति ने अपना परिचय झारखंड पुलिस के सब इंस्पेक्टर के रूप में दिया, तब जाकर रेलवे पुलिस सक्रिय हुई और मामले में हस्तक्षेप किया।
विरोध में इंजन के सामने खड़ी हो गईं महिला दरोगा
घटना से आक्रोशित पूजा कुमारी काशीचक स्टेशन पर ट्रेन के इंजन के सामने खड़ी हो गईं। उनके विरोध के कारण गया-हावड़ा एक्सप्रेस करीब एक घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही। बाद में रेलवे अधिकारियों और पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया।
एक आरोपी की पहचान, एफआईआर दर्ज
महिला दरोगा ने बताया कि घटना के बाद स्थानीय लोगों से जानकारी लेने पर विमलेश कुमार नामक युवक की पहचान हुई। आरोप है कि उसी ने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट की घटना को अंजाम दिया। उन्होंने अपनी शिकायत में उसका नाम भी दर्ज कराया है।
जीआरपी और आरपीएफ ने शुरू की जांच
मामले में जीआरपी ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रेलवे पुलिस ट्रेन में मौजूद यात्रियों के बयान दर्ज कर रही है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर रेलवे ट्रेनों में आरक्षित सीटों पर अवैध कब्जे, यात्रियों की सुरक्षा और शिकायत मिलने पर त्वरित पुलिस कार्रवाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।









