झारखंड: हॉस्टल के कमरे में बंद था दरवाजा, अंदर मिला PhD छात्र का शव… अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
रांची के ICAR-IIAB हॉस्टल में प्रथमेश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा; रिपोर्ट के बाद साफ होगी मौत की वजह

रांची: खरसीदाग ओपी क्षेत्र के गढ़खटंगा स्थित भारतीय कृषि जैव प्रौद्योगिकी संस्थान (ICAR-IIAB) के हॉस्टल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कमरे के अंदर एक PhD छात्र अचेत अवस्था में मिला। शनिवार को काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर साथी छात्रों को शक हुआ। जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो छात्र अंदर पड़ा मिला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान प्रथमेश के रूप में हुई है। वह महाराष्ट्र के रायपुर का रहने वाला बताया गया है और ICAR-IIAB में PhD की पढ़ाई कर रहा था।
काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आया छात्र
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह प्रथमेश काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं निकला। सामान्य गतिविधि नहीं होने पर हॉस्टल में रहने वाले अन्य छात्रों को चिंता हुई। छात्रों ने कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था।
इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो प्रथमेश कमरे के अंदर अचेत अवस्था में पड़ा मिला। साथी छात्र और अन्य लोग उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही संस्थान प्रबंधन ने खरसीदाग ओपी पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने प्रथमेश के परिजनों को फोन के माध्यम से घटना की जानकारी दी है। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस के मुताबिक, छात्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण घटना को लेकर कई सवाल भी सामने आए हैं, हालांकि पुलिस ने फिलहाल किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही प्रथमेश की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।












