झारखंड : दुल्हे के पिता सहित दो बाराती की मौत, शादी के बाद लौट रही बाराती गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरायी
Jharkhand: Two members of the wedding party, including the groom's father, died after their vehicle crashed while returning from the wedding; the speeding car collided with a tree.

गुमला। शादी के जश्न में मातम पसर गया। शादी के बाद लौट रही बाराती गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। हादसे में दुल्हे के पिता सहित दो लोगों की मौत हो गयी। घटना झारखंड के गुमला जिले की है, जहां दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। पालकोट थाना क्षेत्र स्थित काली मंदिर के पास बारात से लौट रही एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।
हादसे में दूल्हे के पिता समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।मृतकों में घाघरा प्रखंड में पदस्थ पंचायत सेवक कलेश्वर साहू और उनके रिश्तेदार दीनबंधु साहू शामिल हैं। घटना के बाद परिजनों और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
चालक को झपकी आने से हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि बसिया प्रखंड के लोंगा गांव से गुरुवार रात बारात कुम्हारी गांव गई थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद शनिवार सुबह बाराती वापस लौट रहे थे।सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच पालकोट प्रखंड के काली मंदिर के समीप कार चालक को अचानक झपकी आ गई। इससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
दूल्हे के पिता की मौके पर मौत
हादसे में कार चला रहे कलेश्वर साहू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वे बसिया प्रखंड के लोंगा गांव के निवासी थे और घाघरा प्रखंड में पंचायत सेवक के पद पर कार्यरत थे।वहीं गंभीर रूप से घायल दीनबंधु साहू को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया था, लेकिन भरनो के पास रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
चार घायल अस्पताल में भर्ती
दुर्घटना में चार अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज गुमला सदर अस्पताल में चल रहा है। घायलों में शामिल हैं:
• बालमुकुंद साहू (75 वर्ष), निवासी लोंगा
• मनोज ठाकुर (55 वर्ष), निवासी कलिंगा
• रामदरस पांडेय (53 वर्ष), निवासी लोंगा
• संदीप साहू (28 वर्ष), निवासी मकुंदा नरकोपी
डॉक्टरों की निगरानी में सभी का इलाज जारी है।जिस घर में कुछ घंटे पहले तक शादी की खुशियां और जश्न का माहौल था, वहां अब मातम पसरा हुआ है। दूल्हे के पिता की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। गांव में भी शोक का माहौल है और लोग इस दर्दनाक हादसे को लेकर स्तब्ध हैं।












