अड्डेबाज़ी, नशेबाज़ी और खुलेआम शराबखोरी पर पलामू पुलिस की सख्त कार्रवाई ! जहां-जहां लगी थी महफिल, वहां पहुंची टीम… 120 से ज्यादा लोग हिरासत में

Palamu News: पलामू जिले में देर रात सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाज़ी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ चलाए गए ‘अड्डेबाज़ी ऑपरेशन’ के दौरान 120 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया। इस कार्रवाई के बाद देर रात तक चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर बेवजह जुटने वालों में हड़कंप मच गया।
चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की सख्त निगरानी
पुलिस ने जिलेभर के सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान देर रात तक अड्डेबाज़ी करने वाले, नशे की हालत में घूमने वाले और खुलेआम शराब पीने वालों को मौके से हिरासत में लिया गया।
पुलिस टीमों ने खास तौर पर उन स्थानों पर निगरानी बढ़ाई, जहां लगातार अड्डेबाज़ी, नशाखोरी और संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं।
पूछताछ के बाद चेतावनी देकर छोड़ा गया
हिरासत में लिए गए सभी लोगों को संबंधित थानों में ले जाकर उनका सत्यापन और पूछताछ की गई। इसके बाद सभी को कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। पुलिस ने साफ किया कि यदि भविष्य में कोई व्यक्ति दोबारा सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाज़ी, नशेबाज़ी, खुलेआम शराबखोरी या शांति व्यवस्था भंग करता मिला, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी कपिल चौधरी ने बताई कार्रवाई की वजह
पलामू के एसपी कपिल चौधरी ने कहा कि देर रात होने वाली अड्डेबाज़ी और नशाखोरी कई बार गंभीर अपराधों की वजह बन जाती है। नशे की हालत में छोटे-छोटे विवाद भी मारपीट, फायरिंग और हत्या जैसी बड़ी घटनाओं में बदल जाते हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराध की संभावनाओं को पहले ही खत्म करना है। इसी सोच के तहत जिले में यह विशेष अभियान चलाया गया है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। देर रात सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।









