रांची में सियासी संग्राम! BJP दफ्तर पर कांग्रेस के घेराव से पहले 500 जवान तैनात, सिटी SP ने संभाला मोर्चा
NEET और JPSC भर्ती विवाद पर बढ़ा राजनीतिक टकराव, कांग्रेस के प्रदर्शन से पहले हाई अलर्ट पर प्रशासन

रांची: झारखंड में NEET पेपर लीक और JPSC भर्ती घोटाले के मुद्दे पर सियासी माहौल गरमा गया है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा कांग्रेस भवन के घेराव के बाद अब कांग्रेस ने पलटवार करते हुए भाजपा प्रदेश कार्यालय के घेराव का ऐलान किया है। प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर पर बढ़ा दी गई है।
प्रशासन ने भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर करीब 500 पुलिसकर्मियों और सुरक्षा बलों की तैनाती की है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिटी एसपी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
पूरे इलाके में हाई अलर्ट
संभावित भीड़ और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने भाजपा कार्यालय के आसपास बैरिकेडिंग कर दी है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और आने-जाने वाले लोगों पर भी नजर रखी जा रही है।
इन मुद्दों पर कांग्रेस का प्रदर्शन
कांग्रेस का आरोप है कि NEET पेपर लीक और JPSC भर्ती प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। इन्हीं मुद्दों को लेकर पार्टी भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है और जवाबदेही तय करने की मांग कर रही है।
प्रशासन पूरी तरह सतर्क
प्रशासन का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी तरह की हिंसा या अव्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है।
फिलहाल रांची में राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं और सभी की नजरें कांग्रेस के प्रस्तावित घेराव और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।









