रांची: दिनदहाड़े फायरिंग, ऑफिस जा रहे युवक को अपराधियों ने मारी गोली, मचा हड़कंप

रांची: राजधानी रांची में अपराधी खुलेआम गोलीबारी कर पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। वहीं घटना के बाद पुलिस पड़ताल करती रह जा रही है। खुलेआम गोलीबारी करने की एक और घटना अभी-अभी राजधानी रांची के ओल्ड अरगोड़ा चौक के पास घटी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हर दिन की तरह ऑफिस जा रहे रंजीत नाम के युवक पर गोलीबारी की गयी है। रंजीत लातेहार के चंदवा का रहने वाला है। वह दो साल से रांची के प्रभा एनक्लेव अपार्टमेंट के दूसरे तल में किराए के फ्लैट में रह रहा है। ऑफिस जाने के दौरान गोलीबारी कर अपराधी आराम से चलते बने । घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी जांचने में जुटी हुई है। घटना स्थल पर हटिया डीएसपी सहित स्थानीय थाने की पुलिस मौजूद है। बताया जा रहा है कि रंजीत नाम के जिस युवक को गोली मारी गयी है वह ईडी की रडार में आए विशाल चौधरी के दफ्तर में काम करता है।

क्या है पूरी घटना

अब तक मिली जानकारी के अनुसार अपराधियों ने रांची के पुराना अरगोड़ा चौक के पास रंजीत नाम के एक युवक को गोली मारी। रंजीत को कमर के पास गोली लगी है। अपराधियों के हमले में घायल रंजीत को आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार राहत की बात यह है कि वह खतरे से बाहर है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि घायल रंजीत कोयले का भी कारोबार किया करता था। ऑफिस जाते हुए अपराधियों ने रेकी कर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अपराधी बाइक में सवार होकर आए थे। इस हमले में रंजीत को कमर से नीचे दो गोलियां लगी हैं। आसपास के लोगों के द्वारा शोर मचाने पर अपराधी मौके से फरार हो गए। वहीं स्थानीय लोगों की मदद से रंजीत को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

Related Articles

close