सरयू राय लड़ेंगे लोकसभा ! : सरयू राय ने फिर बोला ढुलू महतो पर हमला, बोले अपराधी को संसद जाने से रोकना है, कांग्रेस के समर्थन से चुनाव लड़ने को तैयार सरयू

रांची। प्रिंस खान के कथित धमकी वाले ऑडियो के बाद सरयू राय फिर से मीडिया के सामने आये और धनबाद प्रत्याशी ढुल्लू महतो के खिलाफ फिर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कहा कि इस शख्स पर 49 केस दर्ज हैं. इसमें हत्या की कोशिश के कई मामले शामिल हैं. आर्म्स एक्ट के 15 मामले दर्ज हैं, तो 13 से अधिक मामले लूट और रंगदारी से जुड़े हैं। सरयू राय ने कहा कि ढुल्लू महतो चुनाव लड़ने के योग्य ही नहीं है।
मीडिया से बातचीत करते हुए सरयू राय ने कहा कि सभी सजा को जोड़कर देखा जाए, तो ढुल्लू महतो की कुल सजा साढ़े चार साल की हो जाती है और वह चुनाव लड़ने के योग्य ही नहीं हैं। सरयू राय ने कहा कि ढुल्लू महतो पर दर्ज 49 मामले थे, एक और मामला कल दर्ज हो गया है. जिसमें 21 मामले हत्या की कोशिश,13 मामले रंगदारी और अन्य के और 15 मामले आर्म्स एक्ट के हैं।
सरयू राय ने कहा कि चार आपराधिक मामलों में उन्हें सजा भी हुई हैं, जिसमें से तीन मामलों में एक-एक साल के और एक में डेढ़ साल की सजा भी हुई है। सरयू राय ने कहा कि वह निर्वाचन आयोग से भी इस मामले में बात करेंगे. जेल में रहने के दौरान से ढुल्लू महतो की प्रिंस खान से दोस्ती है. अपराधी जितना भी बड़ा हो, लेकिन कानून की ही चलेगी। सरयू राय ने कहा कि मैं जमशेदपुर पूर्वी से संतुष्ट हूं, लेकिन जिन लोगों ने मुझे जमशेदपुर से जीत दिलाया उन्हीं लोगों के समर्थन से धनबाद को अपराध मुक्त बनाएंगे. सरयू राय ने कहा कि भाजपा ने अबकी पार 400 पार का नारा दिया है।
प्रधानमंत्री जी अगर 399 पर भी रुक जाएंगे तब भी वह वह सभी काम कर सकते हैं तो फिर एक दुर्दांत अपराधी को क्यों संसद भेजना चाहते हैं। सरयू राय ने कहा कि ढुलु महतो के आपराधिक मामलों के बारे में जब कोई बात करता है, तो वह कहते हैं कि मजदूर के बेटे का विरोध हो रहा है. ओबीसी का विरोध हो रहा है, लेकिन, सभी जानते हैं कि ढुलु महतो ने ओबीसी और कोयला मजदूरों पर ही सबसे ज्यादा अत्याचार किया है।











