10 दिन से लापता थी बेटी, परिवार कर रहा था अंतिम संस्कार की तैयारी… तभी आया फोन- ‘हैलो पापा, मैं जिंदा हूं, मैंने लव मैरिज कर ली है’
समस्तीपुर में 10 दिन से लापता छात्रा को मृत मानकर परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था। तभी युवती का वीडियो वायरल हुआ, जिसमें उसने बताया कि उसने अपनी मर्जी से लव मैरिज कर ली है और वह सुरक्षित है।

Crime News। एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस से लेकर परिवार और पूरे इलाके को हैरानी में डाल दिया। जिस बेटी को परिवार मृत मानकर उसका अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहा था, उसी बेटी का अचानक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में युवती ने कहा, “हैलो पापा… मैं जिंदा हूं, मैंने अपनी मर्जी से लव मैरिज कर ली है। मैं पूरी तरह सुरक्षित हूं।” इस वीडियो के सामने आते ही घर में पसरा मातम पलभर में सन्नाटे और हैरानी में बदल गया। बिहार के समस्तीपुर जिले की ये पूरी घटना।
दादी की दवा लेने निकली थी, फिर नहीं लौटी
मामला समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के गढ़सिसई पंचायत स्थित भजनगामा गांव का है। यहां रहने वाली स्नातक प्रथम वर्ष की छात्रा 21 जून को अपनी दादी की दवा लेने घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।परिजनों ने जमीन विवाद का हवाला देते हुए युवती के अपहरण की आशंका जताई। 23 जून को विद्यापतिनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई।
बोरे में मिला सड़ा-गला शव, परिजनों ने समझा बेटी
इसी बीच 27 जून को पड़ोसी जिले बेगूसराय के गढ़पुरा थाना क्षेत्र में एक तालाब किनारे बोरे में बंद सड़ा-गला शव बरामद हुआ। पुलिस ने पहचान के लिए शव परिजनों को दिखाया। परिजनों ने उसे अपनी बेटी का शव मान लिया। इसके बाद शव को घर लाया गया और अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू हो गईं।
अंतिम संस्कार से पहले वायरल हुआ वीडियो
जब परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था, तभी सोशल मीडिया पर युवती का वीडियो वायरल हो गया। वीडियो में वह खुद को जीवित बताते हुए कह रही है कि उसने अपनी मर्जी से प्रेम विवाह कर लिया है और वह पूरी तरह सुरक्षित है। उसने अपनी हालिया तस्वीरें और अन्य वीडियो भी साझा किए।वीडियो देखने के बाद परिवार के होश उड़ गए। जिस बेटी को मृत समझा जा रहा था, वह जिंदा निकली।
पुलिस भी हुई हैरान
मामले पर दलसिंहसराय डीएसपी विवेक कुमार ने बताया कि युवती का वीडियो सामने आने के बाद उसकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वायरल वीडियो असली है या नहीं। फिलहाल युवती की सुरक्षित बरामदगी पुलिस की पहली प्राथमिकता है।
अब बड़ा सवाल- आखिर शव किसका था?
इस पूरे घटनाक्रम के बाद सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया है कि जिस शव को परिवार ने अपनी बेटी समझकर पहचान लिया था, वह आखिर किसका था? पुलिस अब इस रहस्य से भी पर्दा उठाने में जुट गई है।मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग इसे बिहार के सबसे चौंकाने वाले घटनाक्रमों में से एक मान रहे हैं।









