कान पकड़कर उठक बैठक कराने वाली सुपरवाइजर की होगी छुट्टी, विधायक ने दिये कार्रवाई के संकेत, कहा, बिल्कुल गलत है ऐसा कृत्य…

गिरिडीह।आंगनबाड़ी सेविकाओं के कान पकड़कर उठक बैठक कराने के मामले में सुपरवाइजर पर गाज गिरेगी। विधायक बिनोद कुमार सिंह ने घटना को लेकर नाराजगी जतायी है। मामले में जांच की जा रही है, जांच के बाद कार्रवाई की जायेगी। आपको बता दें कि सरिया प्रखंड के बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षिका ने चार सेविकाओं से कान पकड़कर उठक-बैठक कराई। इसके बाद उसका वीडियो बनाकर भी वायरल किया। पर्यवेक्षिका ने वीडियो को वॉट्सएप ग्रुप में डाला। वीडियो ग्रुप में डाले जाने पर सेविकाएं भी गुस्से में आ गईं। तब पर्यवेक्षिका ने उसे डिलीट कर दिया। सेविकाओं का आरोप है कि सब कमीशनखोरी का खेल है।
विधायक विनोद सिंह ने कहा कि सुपरवाइजर का यह रवैया बिल्कुल भी उचित नहीं है। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद डीसी को मामले से अवगत कराया गया है। डीसी ने मामले की जांच की जिम्मेदारी बगोदर-सरिया एसडीएम को सौंपी है। जांच के बाद सुपरवाइजर पर कार्रवाई तय है। सेविकाओं ने बताया कि 13 दिसंबर को कार्यालय में बैठक थी। तभी बच्चों के पोषाहार के लिए आनलाइन राशन खरीदने पर पर्यवेक्षिका भड़क उठीं। चार सेविकाओं को बैठक में ही कान पकड़कर सबके सामने उठक-बैठक करने को मजबूर किया। इसका वीडियो भी बनाया।
ये मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. मामले में आंगनबाड़ी सेविकाएं सुपरवाइजर के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही हैं। इधर इस मामले में सीडीपीओ राखी चंद्रा ने कहा कि सुपरवाइजर अभी पूरी तरह से परिपक्व नहीं हैं। हालांकि विधायक के रूख के बाद अब सभी के खिलाफ कार्रवाई तय मानी जा रही है।











