बिहारी सांसद के घर लाखों की चोरी : भोजपुरी स्टार व सिंगर के घर पर चोरी का खुलासा, चोर की पहचान जानकर मनोज तिवारी भी चौक गये
Millions stolen from the home of a Bihari MP: Theft revealed at the house of a Bhojpuri star and singer; Manoj Tiwari was also shocked to learn the thief's identity.

Crime News : भोजपुरी स्टार व सांसद मनोज तिवारी के घर लाखों रुपये की चोरी हुई है। मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्थित बीजेपी सांसद और प्रसिद्ध गायक मनोज तिवारी के आवास में ये चोरी हुई है।
कमाल की बात ये है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी उनका ही पुराना कर्मचारी था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले में लगभग 5.40 लाख रुपये नकद चोरी होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जो कोई बाहरी व्यक्ति नहीं बल्कि मनोज तिवारी के घर में पहले काम कर चुका एक पूर्व कर्मचारी निकला।मनोज तिवारी के मैनेजर प्रमोद जोगिंदर पांडे ने अंबोली पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के अनुसार, घर में रखी नकदी समय-समय पर गायब हो रही थी, लेकिन लंबे समय तक चोर की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी का नाम सुरेंद्रकुमार दीनानाथ शर्मा है, जिसे करीब दो साल पहले नौकरी से निकाल दिया गया था।
पहले भी हो चुकी थी चोरी, लेकिन नहीं मिल पाया था सुराग
पुलिस के मुताबिक, चोरी की कुल रकम में से 4.40 लाख रुपये जून 2025 में ही गायब हो चुके थे। उस समय घर में कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था, जिसके चलते यह पता नहीं चल सका कि नकदी कैसे और किसने चुराई।
परिवार और स्टाफ को आशंका तो थी, लेकिन कोई ठोस सबूत नहीं होने के कारण मामला सामने नहीं आ पाया।लगातार हो रही नकदी की कमी को देखते हुए दिसंबर 2025 में मनोज तिवारी के घर के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। इसके बाद घर की गतिविधियों पर नजर रखी जाने लगी।
सीसीटीवी अलर्ट से हुआ खुलासा
15 जनवरी 2026 की रात करीब 9 बजे घर में लगे सीसीटीवी सिस्टम से मोबाइल पर अलर्ट आया। फुटेज चेक करने पर साफ तौर पर देखा गया कि एक व्यक्ति घर के अंदर प्रवेश कर रहा है और बेडरूम में जाकर आलमारी से नकदी निकाल रहा है। फुटेज में आरोपी डुप्लीकेट चाबियों का इस्तेमाल करते हुए नजर आया, जिससे वह आसानी से घर, बेडरूम और आलमारी तक पहुंच गया।
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की पहचान सुरेंद्रकुमार शर्मा के रूप में हुई, जो पहले मनोज तिवारी के यहां काम कर चुका था और उसे घर की पूरी जानकारी थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास घर और बेडरूम की डुप्लीकेट चाबियां पहले से मौजूद थीं, जिनका वह लंबे समय से दुरुपयोग कर रहा था।
पूछताछ में कबूला जुर्म
अंबोली पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने यह भी माना कि जून 2025 में गायब हुई रकम भी उसी ने चुराई थी। पुलिस ने आरोपी के पास से कुछ नकदी बरामद करने की कोशिश शुरू कर दी है और यह भी जांच की जा रही है कि चोरी की रकम कहां और कैसे खर्च की गई।
अंबोली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही, पूरे घटनाक्रम से जुड़े सीसीटीवी फुटेज को जब्त कर लिया गया है, ताकि मामले की विस्तृत जांच की जा सके और कोर्ट में ठोस सबूत पेश किए जा सकें।












