झारखंड: शिक्षक की मौत पर जमकर हुआ बवाल, डरकर डाक्टर-ANM अस्पताल से हुए फरार, पुलिस ने मौके पर मोर्चा संभाला…

Godda News, Godda Sadar Hospital, Teacher Death Case, Medical Negligence Allegation, Ashutosh Kumar Nirala, Godda Hospital News, Jharkhand Health News, Hospital Protest, Godda Breaking News, Jharkhand Latest News

Jharkhand Teacher Death: शिक्षक की मौत पर जमकर हंगामा हुआ। परिजन इस कदर आक्रोशित थे, कि खौफ से डाक्टर व एएनएम मौके से फरार हो गये। पूरा मामला गोड्डा सदर अस्पताल का है। सोमवार की अहले सुबह इलाज के दौरान एक शिक्षक की मौत हो गयी, जिसके जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने डॉक्टरों और एएनएम पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया।

स्थिति तनावपूर्ण होते देख ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ वहां से हट गए। बाद में नगर थाना पुलिस के हस्तक्षेप से मामला शांत कराया गया।मृतक की पहचान मेहरमा थाना क्षेत्र के हुलूकपुर गांव निवासी आशुतोष कुमार निराला (48 वर्ष) के रूप में हुई है। वह देवघर जिले के मोहनपुर प्रखंड स्थित एक विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार उनकी नियुक्ति करीब छह माह पूर्व ही हुई थी।

सीने में दर्द के बाद अस्पताल पहुंचाए गए थे

इस मामले में परिजनों के अनुसार रविवार शाम अचानक आशुतोष कुमार निराला के सीने में तेज दर्द उठा और वह घर में ही गिर पड़े। इसके बाद उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहरमा ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होने पर रात करीब 2:30 बजे उन्हें गोड्डा सदर अस्पताल रेफर किया गया।

इंजेक्शन के बाद बिगड़ी हालत, परिजनों ने लगाया आरोप

परिजनों का आरोप है कि सुबह करीब 4 बजे सदर अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टर ने मरीज की जांच की और एक इंजेक्शन लगाने का निर्देश दिया। उनका कहना है कि इंजेक्शन दिए जाने के तुरंत बाद मरीज की हालत तेजी से बिगड़ने लगी।स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने मरीज को आईसीयू वार्ड भेजा, लेकिन परिजनों का आरोप है कि वहां पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि आशुतोष कुमार निराला की मौत हो चुकी है। परिजनों का कहना है कि समय पर उचित इलाज और सही चिकित्सा प्रबंधन नहीं होने के कारण उनकी जान गई।

मौत के बाद अस्पताल में हंगामा

मौत की खबर मिलते ही परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया और चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। हंगामे के दौरान अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्थिति बिगड़ती देख ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर और एएनएम वहां से चले गए। इसके बाद नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद स्थिति सामान्य हुई। इसके बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को लेकर अपने पैतृक गांव हुलूकपुर रवाना हो गए।घटना के बाद मृतक के परिवार और गांव में शोक का माहौल है। वहीं अस्पताल में इलाज की व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close