CM बनने के बाद पहली बार त्रिची पहुंचेंगे विजय, हजारों समर्थकों के बीच क्या करने वाले हैं बड़ा ऐलान?
इस्तीफे के बाद पहली बार लौट रहे हैं तिरुचिरापल्ली ईस्ट, सुरक्षा के लिए 2,000 पुलिसकर्मी तैनात

चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के अध्यक्ष विजय सोमवार को तिरुचिरापल्ली (त्रिची) का दौरा करेंगे। मुख्यमंत्री बनने के बाद उनकी यह पहली त्रिची यात्रा होगी, जिसे लेकर राजनीतिक गलियारों से लेकर समर्थकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। खास बात यह है कि विजय उस विधानसभा क्षेत्र में पहुंच रहे हैं, जहां से जीत हासिल करने के बाद उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था।
मुख्यमंत्री विजय तिरुचिरापल्ली ईस्ट विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं का आभार व्यक्त करने के लिए विशेष विमान से त्रिची पहुंचेंगे। उनका शाम करीब 4 बजे पहुंचने का कार्यक्रम है। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना जताई जा रही है।
दरअसल, तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में टीवीके को ऐतिहासिक सफलता मिली थी, जिसके बाद विजय ने 10 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उन्होंने दो विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ा था और दोनों पर जीत दर्ज की थी। हालांकि मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने पेराम्बुर सीट अपने पास रखी और तिरुचिरापल्ली ईस्ट सीट से इस्तीफा दे दिया। अब इस सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा।
राजनीतिक जानकारों की नजर इस दौरे पर टिकी हुई है, क्योंकि मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय पहली बार सीधे जनता के बीच पहुंच रहे हैं। ऐसे में उनके संबोधन और संदेश को लेकर कई तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने भी व्यापक तैयारियां की हैं। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए लगभग 2,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। कार्यक्रम स्थल, उसके आसपास के क्षेत्रों और मुख्यमंत्री के यात्रा मार्ग पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
टीवीके मुख्यालय की ओर से कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता और मंत्री आनंद ने बताया कि केवल क्यूआर कोड धारकों को ही कार्यक्रम स्थल में प्रवेश मिलेगा। सुरक्षा कारणों से गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों, स्कूली छात्रों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को क्यूआर कोड पास जारी नहीं किए गए हैं।
मुख्यमंत्री विजय की इस यात्रा को सिर्फ आभार कार्यक्रम नहीं, बल्कि आगामी उपचुनाव और भविष्य की राजनीतिक रणनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यही वजह है कि त्रिची में होने वाला यह कार्यक्रम पूरे तमिलनाडु की राजनीति का केंद्र बन गया है।









