झारखंड इनकाउंटर न्यूज : पुलिस और तस्करों के बीच मुठभेड़, युवक को लगी गोली; दो देसी पिस्टल और अफीम बरामद
Jharkhand Encounter News: Clash between police and smugglers; youth shot; two country-made pistols and opium seized.

बरही। झारखंड में एक बार फिर इनकाउंटर की खबर आयी है। हालांकि इस बार ये मुठभेड़ गैंगस्टर से नहीं, बल्कि तस्कर के साथ हुई है। जानकारी के मुताबिक अफीम तस्कर और पुलिस में मुठभेड हुई है। इस मुठभेड़ में एक युवक को गोली लगी है। मामला हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र की दनुवा घाटी की है, जहां शनिवार को पुलिस और अफीम तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। हथिया बाबा मंदिर के पास हुई इस घटना में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान एक युवक को गोली लग गई।
घायल युवक की पहचान बिहार के गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के चापी गांव निवासी 21 वर्षीय अजय कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गोली युवक की पीठ में लगी और पेट की ओर से बाहर निकल गई। गंभीर हालत में उसे पहले बरही अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया। पुलिस की निगरानी में 108 एंबुलेंस से घायल को रांची भेजा गया। उसके साथ चार पुलिसकर्मी भी रांची गए हैं।
तस्करी की सूचना पर पहुंची थी पुलिस
हजारीबाग के एसपी अमन कुमार के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि हथिया बाबा मंदिर के पास कुछ लोग मोटरसाइकिल के साथ अफीम की तस्करी के लिए मौजूद हैं। सूचना मिलने के बाद चौपारण थाना पुलिस की टीम ने मौके पर छापेमारी की।पुलिस टीम के पहुंचते ही घटनास्थल पर एक कार से भी एक व्यक्ति के आने की बात सामने आई। इसी दौरान पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोगों ने कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अपनी सुरक्षा के लिए जवानों ने जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान एक युवक को गोली लग गई।
मौके से हथियार और अफीम बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल की तलाशी ली। पुलिस के अनुसार, मौके से दो देसी पिस्टल और अफीम बरामद की गई है।बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मौके पर मौजूद लोग अफीम की तस्करी के किस नेटवर्क से जुड़े हुए थे और इस पूरे नेटवर्क में उनके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने घटना के बाद अफीम तस्करी से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर छापेमारी करने के साथ-साथ पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।जांच में यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अफीम कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस बरामद हथियारों और मादक पदार्थों के संबंध में भी आवश्यक जांच कर रही है।
घायल युवक का रिम्स में इलाज
गोली लगने के बाद अजय कुमार सिंह को गंभीर हालत में बरही अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रांची रेफर कर दिया।फिलहाल घायल युवक का रिम्स में इलाज चल रहा है और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। मुठभेड़ और कथित अफीम तस्करी को लेकर पुलिस की जांच आगे जारी है।
पुलिस की कार्रवाई से तस्करी नेटवर्क पर शिकंजा कसने की तैयारी
दनुवा घाटी क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब कथित अफीम तस्करी के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।












