झारखंड: रजिस्ट्रार हत्याकांड में पुलिस ने 4 महिला समेत 7 आरोपी को किया गिरफ्तार, कल पीट-पीटकर रजिस्ट्रार की गयी थी हत्या
Jharkhand: Police arrest 7 accused, including 4 women, in connection with the Registrar's murder; the Registrar was beaten to death yesterday.

रामगढ़। रजिस्ट्रार की हत्या के मामले चार महिला समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को झारखंड के रामगढ़ जिले के मांडू थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया था। इस दौरान बलसगरा गांव में हुई मारपीट में गिरिडीह में पदस्थ सब-रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल खून से सनी ईंट और बांस का डंडा भी बरामद किया गया है।
जमीन विवाद में हुई मारपीट
आपको बता दें कि पुलिस के मुताबिक, 30 जून की सुबह करीब 8:40 बजे सूचना मिली कि मांडू थाना क्षेत्र के बलसगरा गांव में पुराने जमीन विवाद को लेकर एक पक्ष के लोग बालेश्वर पटेल के साथ मारपीट कर रहे हैं।सूचना मिलते ही मांडू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल बालेश्वर पटेल को इलाज के लिए होप हॉस्पिटल, रामगढ़ पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतक बालेश्वर पटेल, ननकु महतो के पुत्र थे और मूल रूप से रबोध, मांडू के निवासी थे। वर्तमान में वे गिरिडीह में सब-रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत थे।
पत्नी की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज
घटना के बाद मृतक की पत्नी के आवेदन पर मांडू थाना कांड संख्या 151/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।जांच के दौरान एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) रांची की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई।टीम ने छापेमारी, स्थानीय लोगों से पूछताछ और वीडियो फुटेज के विश्लेषण के आधार पर कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें शामिल हैं—
• संतोष कुमार साव उर्फ पम्पम
• रामू साव उर्फ ज्ञानी
• शकुन्तला देवी
• रूबी कुमारी
(सभी निवासी हुवाग, मांडू)
• विनय कुमार (चतरा)
• पूजा कुमारी (मानगो, जमशेदपुर)
• लक्ष्मी देवी उर्फ डोली कुमारी (धनबाद)
सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सनी ईंट का टुकड़ा और बांस का डंडा बरामद किया है। इन साक्ष्यों को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना में अन्य लोगों की भी संलिप्तता थी या नहीं। छापेमारी दल में मांडू थाना, वेस्ट बोकारो थाना, कुज्जू ओपी सहित कई पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।












