भाई करता रहा राखी पर इंतजार, बहन पर गिर गयी बिजली, रक्षाबंधन पर हुआ दर्दनाक हादसा, 10वीं छात्रा व तीन बच्चों की मां की हुई मौत
Brother kept waiting for Rakhi while tragedy struck his sister; a heart-wrenching accident occurred on Raksha Bandhan, claiming the life of a Class 10 student and mother of three.

हजारीबाग। झारखंड में रक्षाबंधन के दिन आसमानी आफत में दो की मौत हो गयी। हजारीबाग जिले में गुरुवार देर शाम वज्रपात की दो अलग-अलग घटनाओं में एक छात्रा समेत दो लोगों की मौत हो गई। कटकमसांडी प्रखंड के वेस पंचायत स्थित हुरुदाग गांव और अडरा पंचायत के उदयपुर गांव में हुई इन घटनाओं के बाद दोनों गांवों में मातम पसर गया।
मृतकों में कटकमदाग कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की 15 वर्षीय छात्रा अनिशा कुमारी और 38 वर्षीय अनिता देवी शामिल हैं।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को नियमानुसार सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।
मवेशी चराने गई छात्रा पर गिरी बिजली
उदयपुर गांव निवासी अनिशा कुमारी कटकमदाग कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में 10वीं कक्षा की छात्रा थी। वह रक्षाबंधन के अवसर पर तीन दिन पहले स्कूल से छुट्टी लेकर अपने घर आई थी।गुरुवार को अनिशा मवेशी चराने के लिए जंगल की ओर गई थी। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई।
बारिश से बचने के लिए वह एक पेड़ के नीचे खड़ी हो गई।बताया गया कि तभी तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ और अनिशा उसकी चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। छात्रा की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घर पर गिरी बिजली, महिला की मौत
वज्रपात की दूसरी घटना हुरुदाग गांव में हुई। यहां अनिता देवी अपने घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान घर पर वज्रपात हुआ और उसकी चपेट में आने से अनिता देवी की मौत हो गई।मृतका अनिता देवी तीन बच्चों की मां थीं। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
दो अलग-अलग जगहों पर वज्रपात से मौत की सूचना मिलने के बाद कटकमदाग पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से सरकारी सहायता देने की मांग की है। थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने बताया कि पीड़ित परिवारों को सरकारी नियमानुसार मिलने वाली सहायता और अन्य लाभ दिलाने की प्रक्रिया की जाएगी।
मौसम खराब होने और वज्रपात की आशंका के बीच प्रशासन ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर बारिश और बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है।












