झारखंड में 1,042 सहायक शिक्षकों को मिला नियुक्ति पत्र, सीएम हेमंत सोरेन बोले- नई पीढ़ी का भविष्य आपके हाथों में

1,042 assistant teachers in Jharkhand received appointment letters; CM Hemant Soren said, "The future of the new generation is in your hands."

रांची। झारखंड सरकार ने प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। आज मुख्यमंत्री ने 1,042 नवचयनित सहायक शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंप दिया। राजधानी रांची के खेलगांव में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने चयनित शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए उन्हें नई पीढ़ी के निर्माण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र पाने वाले शिक्षकों और उनके परिवारों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि अब इन शिक्षकों के कंधों पर राज्य की आने वाली पीढ़ी का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी है। उन्होंने सरकारी संस्थानों पर उठने वाले सवालों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार और कर्मचारियों की जवाबदेही सबसे अधिक होती है। यदि सभी नागरिक अपने दायित्वों का ईमानदारी से पालन करें तो शासन-प्रशासन पर सवाल स्वतः कम हो जाएंगे।

 

55 हजार से ज्यादा युवाओं को मिली नौकरी

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले कार्यकाल सहित अब तक 55 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां दी हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड ने हमेशा देश को संसाधन दिए हैं, लेकिन शिक्षा के क्षेत्र में राज्य को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। सरकार लगातार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए काम कर रही है।उन्होंने कहा कि कुछ लोग राजनीति के लिए समाज में नफरत और विभाजन फैलाने की कोशिश करते हैं, लेकिन सभी नागरिकों को ऐसी सोच से सावधान रहना होगा।

 

सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता पर सवाल उठते थे, लेकिन अब सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस जैसी पहल से सरकारी शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव आया है। इन स्कूलों में प्रवेश के लिए हजारों आवेदन आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विज्ञान विषय के शिक्षकों की नियुक्ति से सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मिलेगी और भविष्य में वे भी डॉक्टर, इंजीनियर और वैज्ञानिक बनने का सपना पूरा कर सकेंगे।

 

वित्त मंत्री बोले- शिक्षकों के सामने बड़ी जिम्मेदारी

समारोह में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि झारखंड राज्य के गठन के समय जो सपने देखे गए थे, उन्हें पूरा करने की दिशा में वर्तमान सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी राज्य की बड़ी चुनौती रही है, लेकिन वर्ष 2020 से अब तक 38,903 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

 

उन्होंने नव नियुक्त शिक्षकों से कहा कि एक शिक्षक केवल पढ़ाता ही नहीं, बल्कि समाज और देश का भविष्य भी तैयार करता है। विद्यार्थियों को प्रश्न पूछने के लिए प्रोत्साहित करना, नई तकनीक के अनुरूप शिक्षित करना और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करना शिक्षकों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close