हिमाचल में मानसून की मार: अब तक 194 मौतें, 1852 करोड़ का नुकसान, 613 सड़कें बंद

हिमाचल प्रदेश इन दिनों प्राकृतिक आपदा की चपेट में है। भारी बारिश, भूस्खलन और पेड़ गिरने की घटनाओं ने जनजीवन को बुरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। प्रदेश में अब तक 194 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 301 लोग घायल हुए हैं। 36 लोग अब भी लापता हैं। राज्य को अब तक करीब 1852 करोड़ रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान हो चुका है।
613 सड़कें बंद, बिजली-पानी व्यवस्था चरमराई
भारी बारिश के चलते चार नेशनल हाईवे (NH-05, NH-305, NH-21, NH-003) सहित कुल 613 सड़कें बंद हैं। इससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। 1491 ट्रांसफार्मर खराब होने से कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित है। इसके अलावा, 265 पेयजल योजनाएं भी बाधित हुई हैं, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
भूस्खलन और पेड़ गिरने की घटनाएं, बड़ी जनहानि टली
शिमला के भराड़ी-दुधली मार्ग पर भूस्खलन की वजह से पेड़ गिरने से सड़क बाधित हो गई। पोआबो-ऑकलैंड-लक्कड़ बाजार मार्ग भी बंद है। वहीं, संजौली-शिमला रोड पर जा रही एक HRTC बस पर अचानक पेड़ गिर गया। सौभाग्यवश कोई जनहानि नहीं हुई।
कुल्लू जिले के बागीपुल क्षेत्र में भारी भूस्खलन से एक गौशाला बह गई, हालांकि ग्रामीणों ने बहती हुई गाय को समय रहते बचा लिया।
पशु-पक्षियों का भी बड़ा नुकसान
प्राकृतिक आपदा के चलते अब तक 27306 पशु-पक्षियों की मौत हो चुकी है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी भारी नुकसान हुआ है।
शैक्षणिक संस्थान बंद, प्रशासन सतर्क
लगातार बारिश को देखते हुए शिमला के ठियोग, कुमारसैन, डोडरा क्वार और चौपाल डिवीजन में सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे सतर्क रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें।
सोलन और चंबा में हालात गंभीर
सोलन के बद्दी क्षेत्र में मानपुरा-धर्मपुर को जोड़ने वाला पुल बारिश के कारण ढह गया, जिसकी वजह अवैध खनन को माना जा रहा है। उधर, चंबा के चुराह उपमंडल के कंगेला गांव में भूस्खलन से गांव की ओर आती चट्टानें बीच रास्ते में रुक गईं, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
कार नदी में गिरी, तीन की मौत
शिमला के रोहड़ू क्षेत्र के चिड़गांव में एक कार पब्बर नदी में गिर गई। चार सवारों में से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल है।
12 अगस्त तक येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर, कुल्लू, ऊना और मंडी जिलों में 12 अगस्त तक येलो अलर्ट जारी किया है। बीते 24 घंटे में कसौली में 145 मिमी, धर्मपुर में 122.8 मिमी और गौहर में 120 मिमी बारिश दर्ज की गई है।












