न हुए 7 फेरे, न हुई विदाई… दहेज की मांग पर टूटा रिश्ता, CCTV में कैद हुआ शादी का खौफनाक हंगामा…दुल्हन सीधे पहुंची थाने
जयमाला के बाद दूल्हे ने रख दी ऐसी डिमांड कि थम गई शादी! मंडप में चली कुर्सियां, दुल्हन सीधे पहुंची थाने

झांसी में एक शादी उस वक्त युद्ध के मैदान में बदल गई जब जयमाला के कुछ ही मिनट बाद दूल्हा पक्ष पर लाखों रुपये और दहेज की मांग करने का आरोप लगा। मामला इतना बिगड़ गया कि मंडप में कुर्सियां चलने लगीं, रिश्तेदारों के साथ मारपीट हुई और आखिरकार दुल्हन को शादी छोड़ सीधे थाने पहुंचना पड़ा।
यह पूरा मामला 24 मई की रात का बताया जा रहा है। दूल्हा बारात लेकर रात करीब 11 बजे झांसी के मधुबन गार्डन पहुंचा था। शुरुआत में सब कुछ सामान्य दिख रहा था। बैंड-बाजे, स्वागत और रस्मों के बीच जयमाला कार्यक्रम भी धूमधाम से पूरा हुआ। लेकिन इसके तुरंत बाद माहौल अचानक तनाव में बदल गया।
लड़की पक्ष का आरोप है कि जयमाला के बाद दूल्हा पक्ष के कुछ लोगों ने पैसों और अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। जब परिवार ने असमर्थता जताई तो कहासुनी बढ़ गई और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और गार्डन में कुर्सियां तक चलने लगीं।
आरोप है कि दूल्हा पक्ष के लोगों ने दुल्हन के पिता, भाइयों और रिश्तेदारों को बेरहमी से पीटा। कई लोगों को स्टेज के पीछे ले जाकर मारने का भी आरोप लगाया गया है। महिलाएं हाथ जोड़कर झगड़ा रोकने की कोशिश करती रहीं, लेकिन देर रात तक हंगामा जारी रहा।
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि शादी की रस्में बीच में ही रुक गईं। न सात फेरे हुए और न ही दुल्हन की विदाई। आरोप है कि देर रात दूल्हा पक्ष अपना सामान समेटकर बिना दुल्हन को साथ लिए वहां से चला गया। इसके बाद दुल्हन ने साफ कह दिया कि जिस घर के लोग शादी के दिन ही उसके परिवार पर हाथ उठा सकते हैं, वहां वह खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करती।
दुल्हन के जीजा जितेंद्र अहिरवार ने आरोप लगाया कि शादी समारोह के दौरान कुछ लोग गार्डन की छत पर जुआ खेल रहे थे। जब उन्हें रोकने की कोशिश की गई तो विवाद भड़क गया। उनका दावा है कि इसके बाद 5 से 7 लाख रुपये की मांग रखी गई और इनकार करने पर हमला शुरू कर दिया गया।
पीड़ित परिवार ने प्रेमनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। परिवार का आरोप है कि जब वे पुलिस स्टेशन जा रहे थे, तब रास्ते में 50 से 100 लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। किसी तरह गलियों से होकर वे थाने पहुंचे।
शिकायत में दावा किया गया है कि शादी में कार, 4 लाख रुपये नकद, कपड़े और अन्य सामान पहले ही दिया जा चुका था। इसके बावजूद लगातार दबाव बनाया जा रहा था। लड़की पक्ष ने शादी में करीब 10 लाख रुपये खर्च होने की बात कहते हुए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई और नुकसान की भरपाई की मांग की है।
इस पूरे घटनाक्रम का CCTV वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में शादी के बीच अचानक मचे बवाल, भागते लोग और मारपीट के दृश्य साफ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कहा है कि वीडियो समेत सभी सबूतों की जांच की जा रही है।












