आधी रात PM मोदी के घर क्यों जुटे अमित शाह समेत BJP के दिग्गज? 3 घंटे चली सीक्रेट बैठक ने बढ़ाई सियासी हलचल

संसद के मानसून सत्र से पहले देर रात हाई लेवल मंथन, संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति और संभावित मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा की चर्चा।

नई दिल्ली। संसद के आगामी मानसून सत्र से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार देर रात अपने आधिकारिक आवास ‘सेवा तीर्थ’ में एक उच्च स्तरीय बैठक की। करीब 2 घंटे 45 मिनट तक चली इस मैराथन बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन और संगठन महामंत्री बीएल संतोष शामिल हुए। बैठक देर रात तक चलने के बाद राजनीतिक गलियारों में इसकी चर्चा तेज हो गई है।

हालांकि बैठक के एजेंडे को लेकर सरकार या भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन पार्टी सूत्रों के अनुसार इसमें कई महत्वपूर्ण राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर विस्तार से मंथन हुआ।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में संगठन विस्तार, चुनावी राज्यों की रणनीति, संभावित मंत्रिमंडल विस्तार और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस तथा ईज ऑफ लिविंग से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। इसके अलावा महाराष्ट्र की राजनीति और एनसीपी (शरद पवार गुट) के सांसदों के समर्थन को लेकर भी विचार-विमर्श किए जाने की बात सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, परिसीमन, महिला आरक्षण समेत संसद में आने वाले महत्वपूर्ण विधेयकों पर एनसीपी सांसदों के संभावित समर्थन को लेकर भी चर्चा हुई। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

इस बैठक से एक दिन पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से दिल्ली के कर्तव्य भवन में करीब 40 मिनट तक मुलाकात की थी। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, प्रशासनिक मामलों और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा हुई। भाजपा संगठन में हालिया बदलावों और आगामी चुनावों के मद्देनजर इस मुलाकात को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

गौरतलब है कि संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक चलेगा। इस दौरान केंद्र सरकार कई अहम विधेयक संसद में पेश कर सकती है। राजनीतिक विश्लेषकों की नजर इस सत्र और उससे पहले हो रही बैठकों पर टिकी हुई है, क्योंकि इन्हें आगामी राजनीतिक रणनीति और सरकार के विधायी एजेंडे के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close