3 साल बाद महाराष्ट्र में फिर बढ़ी कोरोना की आहट! 10 दिनों में मिले 21 नए केस, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
पुणे में सबसे ज्यादा नए मामले सामने आए। विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल अधिकांश मरीजों में हल्के लक्षण हैं, लेकिन लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मुंबई।
देश में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। आंध्र प्रदेश के बाद अब महाराष्ट्र में भी कोविड-19 ने दस्तक दे दी है। करीब तीन साल बाद राज्य में कोरोना के नए मामले सामने आए हैं। जुलाई महीने में अब तक 21 नए संक्रमित मिलने के बाद राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या 48 पहुंच गई है।
पुणे में बढ़े सबसे ज्यादा मामले
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पिछले 10 दिनों में सबसे अधिक नए मामले पुणे से सामने आए हैं। हालांकि फिलहाल अधिकांश संक्रमितों में कोरोना के हल्के लक्षण पाए गए हैं और गंभीर स्थिति की जानकारी सामने नहीं आई है।
डॉक्टरों ने दी सतर्क रहने की सलाह
विशेषज्ञों का कहना है कि घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। डॉक्टरों ने लोगों से वायरल संक्रमण से पीड़ित व्यक्तियों के संपर्क में आने से बचने, भीड़भाड़ वाली जगहों पर सतर्क रहने और लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराने की सलाह दी है।
फिलहाल क्या हैं हालात?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, अभी संक्रमण की स्थिति नियंत्रण में है और अधिकतर मरीजों में हल्के लक्षण हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से कोविड से बचाव के सामान्य उपायों का पालन करने की अपील कर रहा है।









