नेचर का ट्रिपल अटैक! आग, धुआं और बाढ़ से हाहाकार…. ट्रंप ने कनाडा पर फोड़ा ठीकरा

15 राज्यों में 68 बड़ी जंगल की आग, टेक्सास में बाढ़ का कहर जारी, कनाडा के धुएं से लाखों लोग घरों में रहने को मजबूर

वॉशिंगटन। अमेरिका इस समय प्रकृति के अभूतपूर्व कहर का सामना कर रहा है। देश के अलग-अलग हिस्सों में जंगल की भीषण आग, जहरीला धुआं और विनाशकारी बाढ़ ने हालात बेहद गंभीर बना दिए हैं। एक तरफ टेक्सास में बाढ़ लगातार तबाही मचा रही है, तो दूसरी ओर कनाडा के जंगलों से उठ रहा धुआं पूर्वी अमेरिका तक फैल गया है। वहीं पश्चिमी हिस्सों में आग तेजी से फैल रही है, जिससे प्रशासन और राहत एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।

शुक्रवार को जंगल की आग का धुआं ग्रेट लेक्स से लेकर वाशिंगटन डीसी तक फैल गया। खराब वायु गुणवत्ता के चलते लाखों लोगों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी गई है। दूसरी ओर टेक्सास के हिल कंट्री इलाके में बाढ़ का पानी तीसरे दिन भी कहर बरपा रहा है।

फिलहाल अमेरिका के 15 राज्यों में 68 बड़ी जंगल की आग सक्रिय हैं। नेशनल इंटरएजेंसी फायर सेंटर के अनुसार, पैसिफिक नॉर्थवेस्ट में बिजली गिरने की घटनाओं के बाद रातभर में 17 नई आग भड़क उठीं। इन आग पर काबू पाने के लिए 17,400 से अधिक फायरफाइटर्स, 140 हेलीकॉप्टर और चार सैन्य C-130 एयर टैंकर तैनात किए गए हैं।

ट्रंप ने कनाडा पर लगाया बड़ा आरोप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस गंभीर स्थिति के लिए कनाडा को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि कनाडा अपने जंगलों का सही तरीके से प्रबंधन करने में विफल रहा, जिसके कारण वहां से उठने वाला जहरीला धुआं अमेरिकी शहरों की हवा को प्रदूषित कर रहा है।

ट्रंप ने चेतावनी दी कि कनाडाई उत्पादों पर पहले से लागू टैरिफ में जंगल की आग से होने वाले प्रदूषण की लागत भी जोड़ी जा सकती है।

क्यों बढ़ रही हैं ऐसी आपदाएं?

यूनिवर्सिटी ऑफ पेंसिलवेनिया के क्लाइमेटोलॉजिस्ट माइकल मान के अनुसार, ये चरम मौसमी घटनाएं जेट स्ट्रीम में बनने वाले विशेष ‘रेजोनेंस’ (अनुनाद) पैटर्न से जुड़ी हो सकती हैं। इस स्थिति में जेट स्ट्रीम की बड़ी लहरें लंबे समय तक एक ही क्षेत्र में अटक जाती हैं, जिससे किसी इलाके में गर्मी, बारिश या आग जैसी आपदाएं लगातार बनी रहती हैं और उनका असर कई गुना बढ़ जाता है।

कनाडा में भी हालात गंभीर

कनाडा में भी जंगल की आग लगातार फैल रही है। देशभर में सैकड़ों स्थानों पर आग लगी हुई है, जिनमें से करीब 190 आग केवल उत्तरी ओंटारियो में दर्ज की गई हैं। नामायगूसीसागागुन फर्स्ट नेशन (कॉलिन्स फर्स्ट नेशन) क्षेत्र में आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को नावों के जरिए सुरक्षित निकालकर थंडर बे में शरण लेनी पड़ी।

प्राकृतिक आपदाओं के इस ट्रिपल अटैक ने अमेरिका और कनाडा दोनों देशों के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि मौसम की यही स्थिति बनी रही, तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close