हिमाचल में बारिश बनी आफत! मंडी में 36 सड़कें बंद, हाईवे में पड़ी खतरनाक दरारें… रेड अलर्ट के बीच बढ़ा बड़ा खतरा

मूसलाधार बारिश से भूस्खलन और जलभराव ने बढ़ाई मुश्किलें, नारला हाईवे पर दरारों से लोगों में दहशत, प्रशासन ने जारी की चेतावनी।

मंडी: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब कहर बनकर बरस रही है। मौसम विभाग के रेड अलर्ट के बीच मंडी जिले में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। बीती रात से जारी तेज बारिश के कारण भूस्खलन, जलभराव और सड़कें बंद होने की घटनाओं में तेजी आई है। जिले में अब तक 36 सड़कें बंद हो चुकी हैं, जबकि कई इलाकों में लोगों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है।

खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने पहले ही 20 और 21 जुलाई को स्कूल, कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया था। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है।

36 सड़कें बंद, बहाली के लिए युद्धस्तर पर काम

लगातार बारिश के कारण कई जगहों पर पहाड़ियों से मलबा और चट्टानें गिरने से सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। लोक निर्माण विभाग और प्रशासन की टीमें रास्तों को खोलने में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि मौसम सामान्य होते ही सभी बंद मार्गों को जल्द से जल्द बहाल करने का प्रयास किया जाएगा।

नारला हाईवे पर दरारों ने बढ़ाई चिंता

मंडी-पठानकोट सुपर हाईवे के नारला क्षेत्र में भारी बारिश के बाद सड़क और उसके किनारे बने डंगे में गहरी दरारें पड़ गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि फोरलेन निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी की गई, जिसके कारण अब डंगा कभी भी धंस सकता है। इससे सड़क के किनारे बने मकानों पर भी खतरा मंडराने लगा है। लोगों ने निर्माण कार्य की जांच और स्थायी समाधान की मांग की है।

नदी-नाले उफान पर, प्रशासन ने जारी की चेतावनी

बारिश के चलते जिले के कई नदी-नाले और खड्ड उफान पर हैं। हालांकि ब्यास नदी का जलस्तर फिलहाल सामान्य बताया गया है, लेकिन प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों, भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों और कमजोर ढलानों से दूर रहने की सलाह दी है।

सड़क बनी झील, ग्रामीणों की बढ़ी मुश्किलें

पधर उपमंडल की नौहली-गलमाठा सड़क पर जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से सड़क पूरी तरह पानी में डूब गई है। हालात ऐसे हैं कि सड़क किसी झील जैसी नजर आ रही है। इससे ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के लिए आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन की अपील

मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। जिला प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन या आपदा प्रबंधन विभाग को सूचना देने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close