SP आवास के सामने दिनदहाड़े गोलीकांड: निजी गार्ड ने साथी को मारी गोली, मौके पर मौत; आरोपी गिरफ्तार

चतरा। झारखंड के चतरा जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिले के सबसे अति-सुरक्षित वीवीआईपी इलाके में स्थित पुलिस अधीक्षक (SP) आवास के ठीक सामने एक निजी सुरक्षा गार्ड ने अपने ही साथी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गार्ड को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
SP आवास पहुंचे थे रॉकी यादव
घटना को लेकर मिली जानकारी के अनुसार, चतरा में बाईपास निर्माण का कार्य कर रही रमियां कंस्ट्रक्शन के संचालक विनीत उर्फ रॉकी यादव किसी काम से एसपी आवास पहुंचे थे। इसी दौरान बाहर तैनात उनके दो निजी सुरक्षाकर्मियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत खैनी मांगने और पहले से चली आ रही आपसी रंजिश को लेकर हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
दो राउंड फायरिंग, दूसरी गोली आंख में लगी
पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान एक निजी गार्ड ने अपनी बंदूक से दो राउंड फायर किए। पहली गोली रॉकी यादव की फोर्ड एंडेवर वाहन की छत से टकराई और लक्ष्य से चूक गई, जबकि दूसरी गोली दूसरे गार्ड की आंख में लगी। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
भागने की कोशिश, पुलिस ने दबोचा
वारदात के बाद आरोपी मौके से भागने लगा, लेकिन एसपी आवास की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल पीछा कर उसे पकड़ लिया। घटना के तुरंत बाद पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।
शुरुआत में रही भ्रम की स्थिति
गोलीबारी के बाद शुरुआती जांच में घटना को लेकर भ्रम की स्थिति बन गई थी। संदेह के आधार पर पुलिस ने पहले बिहार पुलिस के एक जवान को भी हिरासत में लिया था। हालांकि बाद की जांच में स्पष्ट हुआ कि गोली चलाने वाला रॉकी यादव का निजी सुरक्षा गार्ड था।
हथियार और वाहन जब्त, फॉरेंसिक जांच जारी
चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी निजी गार्ड को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में इस्तेमाल हथियार और रॉकी यादव की गाड़ी को जब्त कर लिया गया है।घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।









