NEET पर संसद से सड़क तक संग्राम! राहुल गांधी के मार्च को पुलिस ने रोका, बोले- ‘भारत के छात्र अकेले नहीं’

नई दिल्ली। NEET-UG पेपर लीक विवाद को लेकर देश की राजनीति लगातार गरमा रही है। संसद में जारी गतिरोध के बीच गुरुवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में INDIA गठबंधन के सांसदों ने छात्रों के समर्थन में विरोध मार्च निकाला। हालांकि, गांधी स्मृति पहुंचने से पहले ही दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग कर मार्च को रोक दिया, जिसके बाद राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया।

जानकारी के मुताबिक, विपक्षी सांसद शांतिपूर्ण तरीके से 30 जनवरी मार्ग स्थित गांधी स्मृति की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने रास्ते में बैरिकेड लगाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। बताया जा रहा है कि सांसदों को ले जा रही बस को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास से पहले ही रोक दिया गया।

राहुल गांधी बोले- ‘देश के छात्र अकेले नहीं हैं’

विरोध मार्च के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष उन छात्रों की याद में आगे बढ़ रहा है, जिन्होंने NEET पेपर लीक विवाद के बाद कथित तौर पर अपनी जान गंवाई, और उन छात्रों के समर्थन में खड़ा है जो न्याय और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “भारत के छात्र अकेले नहीं हैं। पूरा विपक्ष उनके साथ खड़ा है और उनकी आवाज़ बुलंद करता रहेगा।”

इस बीच, राहुल गांधी के आवास के बाहर भी दिल्ली पुलिस की सुरक्षा बढ़ा दी गई।

बैठक में शामिल हुए कई बड़े विपक्षी नेता

राहुल गांधी की अगुवाई में हुई बैठक में INDIA गठबंधन के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। इनमें अरविंद सावंत, सुप्रिया सुले, महुआ मोइत्रा, महुआ मांझी, सौगत राय, मीसा भारती, संजय यादव, जॉन ब्रिटास, पी. संतोष कुमार, रामजी लाल सुमन और ईटी मोहम्मद बशीर सहित कई सांसद शामिल हुए। हालांकि, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव इस बैठक में शामिल नहीं हुए।

संसद में भी जारी है टकराव

NEET-UG पेपर लीक मामले को लेकर विपक्ष संसद में विस्तृत चर्चा और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़ा हुआ है। राज्यसभा में विपक्ष ने नियम 267 के तहत इस मुद्दे पर विशेष चर्चा की मांग भी उठाई है।

वहीं, केंद्र सरकार का कहना है कि वह NEET विवाद पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष को किसी पूर्व शर्त के बिना सदन की कार्यवाही चलने देनी चाहिए।

दोनों सदनों में हंगामा

इससे पहले लोकसभा और राज्यसभा में भी NEET मुद्दे को लेकर विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन के कारण सदन की कार्यवाही प्रभावित हुई। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार चर्चा से पीछे नहीं हट रही है, लेकिन विपक्ष की शर्तों के कारण संसद की कार्यवाही बाधित हो रही है।

अब NEET विवाद केवल छात्रों के आंदोलन तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि संसद, सड़क और राजनीतिक गलियारों में भी यह मुद्दा लगातार तूल पकड़ता जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close