धनबाद: कोयला कारोबारी को लगी गोली, गंभीर स्थिति में चल रहा है इलाज, पुलिस मामले की जांच में जुटी
Dhanbad: Coal trader shot; undergoing treatment in critical condition; police investigating the matter.

धनबाद। कोयला कारोबारी को संदिग्ध परिस्थिति में गोली लगी है। जिले के सरायढेला थाना क्षेत्र के कार्मिक नगर स्थित मोती नगर में शुक्रवार तड़के जाने-माने कोयला कारोबारी दीपक शर्मा को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से हड़कंप मच गया। गोली लगने के बाद उन्हें गंभीर हालत में अशर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की विशेष टीम उनकी निगरानी कर रही है। बताया जा रहा है कि घटना शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे की है और वारदात घर के अंदर ही हुई। गोली लगने के बाद दीपक शर्मा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
गले के निचले हिस्से में फंसी गोली
इस संबंध में डॉक्टरों के मुताबिक, गोली दीपक शर्मा के गले के निचले हिस्से में फंसी हुई है। घटना में काफी खून बहने की बात सामने आई है, जिसके चलते उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।अस्पताल में डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर रख रही है। फिलहाल इलाज जारी है और आगे की सर्जरी की तैयारी की जा रही है।
घर के अंदर चली गोली, जांच में जुटी पुलिस
घटना की पुष्टि सरायढेला थाना प्रभारी मंजीत कुमार ने की है। थाना प्रभारी के मुताबिक शुरुआती जांच में घटना घर के अंदर हुई है।प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए ऐसा प्रतीत हो रहा है कि गोली गलती से या किसी कारणवश खुद से चली हो सकती है। हालांकि पुलिस ने अभी घटना की वास्तविक वजह की पुष्टि नहीं की है।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि घटना की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
घटना को लेकर कई सवाल
कोयला कारोबारी को घर के अंदर गोली लगने की घटना के बाद कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। गोली किस परिस्थिति में चली, हथियार किसके पास था और घटना के समय घर में कौन-कौन मौजूद था, इन तमाम बिंदुओं पर पुलिस की जांच आगे बढ़ेगी।फिलहाल पुलिस की शुरुआती जांच में इसे संभावित रूप से खुद गोली चलने की घटना माना जा रहा है, लेकिन किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।











