झारखंड: दो सगी बहनों से सामूहिक दुष्कर्म: 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपियों समेत तीन गिरफ्तार, एक सहेली भी सुरक्षित मुक्त

खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले से एक बेहद दहला देने वाली और शर्मनाक वारदात सामने आई है। जानकारी के मुताबिक जिले के मुरहू थाना क्षेत्र की दो नाबालिग सगी बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपियों समेत तीन युवकों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य अर्धनिर्मित फार्म हाउस में बंधक बनाई गई उनकी सहेली को भी सुरक्षित छुड़ा लिया गया
घटना के संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गत 3 नवंबर की सुबह करीब 5:50 बजे दोनों नाबालिग बहनें महिला थाना पहुंचीं और अपनी आपबीती पुलिस को बताई। पीड़िताओं ने खुलासा किया कि चार परिचित युवक—गोपाल मुंडा उर्फ राहुल (19 वर्ष), मनीष लोहरा (18 वर्ष), पिंगु और प्रभुसहाय—उन्हें घर छोड़ने के बहाने मारंगहादा थाना क्षेत्र के गाड़ीगांव स्थित बाड़ेडीह ले गए थे।
वहां अलग-अलग जगहों पर दोनों बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया गया और बाद में आरोपी उन्हें खूंटी में लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गए।वहीं, उनके साथ गई तीसरी किशोरी को आरोपी गोपाल मुंडा और मनसा टुटी ने गाड़ीगांव स्थित लेमसा मुंडा के एक अर्धनिर्मित फार्म हाउस में बंधक बनाकर रखा था।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
महिला थाना प्रभारी निशा कुमारी के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी करते हुए मुख्य आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए
आरोपियों में शामिल हैं:
• गोपाल मुंडा उर्फ राहुल (19 वर्ष)
• मनीष लोहरा (18 वर्ष)
• मनसा टुटी
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक स्कूटी, दो बाइक, तीन मोबाइल और घटना के वक्त पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।
एसपी ने प्रेसवार्ता कर दी जानकारी
मामले का खुलासा करते हुए एसपी ऋषभ गर्ग ने प्रेसवार्ता में बताया कि तीनों लड़कियां इन परिचित लड़कों के साथ घूमने निकली थीं, जहां युवकों ने गलत नीयत से इस पूरी वारदात को अंजाम दिया। पकड़े गए तीनों आरोपी बालिग हैं, जिन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है। वहीं, इस जघन्य कांड में शामिल अन्य दो फरार सहयोगी आरोपियों—पिंगु और प्रभुसहाय—की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है और छापेमारी जारी है।












