झारखंड : बस और ट्रक में भीषण टक्कर, कई यात्रियों के घायल होने की खबर, पुलिस जांच में जुटी

जमशेदपुर: झारखंड में एक बड़े बस हादसे की खबर आ रही है। यात्रियों से भरी बस और ट्रक में आमने सामने की जोरदार टक्कर हो गयी। घटना में कई यात्रियों के घायल होने की खबर है। जानकारी के मुताबिक झाड़ग्राम के कलाबनी में इस भीषण सड़क हादसे ने चीख-पुकार मचा दी। झिलिमिली से दीघा जा रही यात्री बस और सामने से आ रहे मालवाहक ट्रक के बीच जोरदार आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में दोनों वाहनों के चालकों समेत कुल 26 लोग घायल हो गए। दोनों चालकों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में चीख पुकार मच गयी। घायलों के परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे।
टक्कर के बाद मची चीख-पुकार, मदद के लिए दौड़े स्थानीय लोग
जानकारी के अनुसार, यात्री बस झिलिमिली से दीघा की ओर जा रही थी। इसी दौरान कलाबनी के पास सामने से आ रहे मालवाहक ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई। आमने-सामने की टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।स्थानीय लोगों की मदद से बस और ट्रक में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
दोनों चालकों की हालत नाजुक, 24 अन्य घायल
हादसे में घायल बस चालक भक्तरंजन पाल और ट्रक चालक मोहम्मद आसाम की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। वहीं, अन्य 24 घायलों में पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। अचानक हुए इस हादसे से यात्रियों और उनके परिजनों में चिंता का माहौल है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दुर्घटना किस वजह से हुई। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।एक सफर जो लोगों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए शुरू हुआ था, वह कलाबनी में अचानक हादसे का शिकार हो गया। फिलहाल घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।












