SP बंगले के बाहर पत्नी बैठी धरने पर: पति-पत्नी की लड़ाई सड़क पर आई, 3 दिन में दूसरी बार किया प्रदर्शन, सीएम हाउस के बाहर भी दे चुकी है धरना..

IPS Family Vivad: IPS पति पत्नी का विवाद खत्म नहीं हो रहा है। तीन दिन में दूसरी बार पत्नी ने धरना दिया है। मामला बिहार के खगड़िया जिले के एसपी भानु प्रताप सिंह और उनकी पत्नी पूजा सिंह के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद से जुड़ा है। अब पत्नी पूजा सिंह एसपी बंगले के बाहर धरने पर बैठ गयी है।
अपनी 6 साल की बेटी से मिलने और पति के साथ दोबारा परिवार बसाने की मांग को लेकर पूजा सिंह एक बार फिर धरने पर बैठ गई हैं। इस बार उन्होंने खगड़िया स्थित एसपी आवास के बाहर प्रदर्शन शुरू किया है। तीन दिनों के भीतर यह दूसरी बार है, जब पूजा सिंह को अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठना पड़ा है।
धरने के दौरान पूजा सिंह ने सवाल उठाया कि आखिर किस कानून के तहत उन्हें अपनी ही बेटी से मिलने से रोका जा रहा है। उनका आरोप है कि पति भानु प्रताप सिंह उन्हें उनकी 6 साल की बेटी से दूर रख रहे हैं और बेटी से मिलने का अवसर नहीं दिया जा रहा है।
पटना में सीएम आवास के बाहर भी दे चुकी हैं धरना
इससे पहले 1 नवंबर को पूजा सिंह ने पटना में मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना दिया था। अपनी शिकायत लेकर वह मुख्यमंत्री आवास से लेकर बिहार पुलिस मुख्यालय और महिला आयोग तक पहुंच चुकी हैं। इसके बावजूद अब तक उन्हें अपनी मांगों पर कोई ठोस समाधान मिलता नजर नहीं आ रहा है।
तलाक नहीं, पति के साथ दोबारा रहना चाहती हैं पूजा
पूजा सिंह का कहना है कि वह अपने पति से तलाक नहीं चाहतीं, बल्कि उनके साथ दोबारा रहकर अपना परिवार बसाना चाहती हैं। उनकी सबसे बड़ी मांग अपनी बेटी से मिलने की है। वह चाहती हैं कि उन्हें मां होने के नाते अपनी बच्ची से मिलने और उसके साथ समय बिताने का अधिकार मिले।
प्रशासनिक हस्तक्षेप के बावजूद नहीं निकला समाधान
इस पारिवारिक विवाद को सुलझाने के लिए अब तक प्रशासनिक स्तर पर कई बार बातचीत और हस्तक्षेप किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद विवाद का कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
फिलहाल पूजा सिंह का धरना एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और मां-बेटी की मुलाकात तथा पारिवारिक विवाद को सुलझाने के लिए क्या पहल की जाती है।












