एक परिवार के पांच लोगों की मौत से हड़कंप, घर में मां-पत्नी और दो बच्चों के शव मिले; रेलवे ट्रैक पर मिला मुखिया

 छोला मंदिर थाना क्षेत्र में एक घर से मां, पत्नी और दो बच्चों के शव मिले हैं। परिवार के मुखिया नरेंद्र साहू का शव सूखी सेवनिया क्षेत्र के रेलवे ट्रैक पर मिला। पुलिस को आशंका है कि परिवार के चार सदस्यों की हत्या के बाद नरेंद्र ने आत्महत्या की। घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

Crime News। दीपावली के पहले एक बड़ी वारदात की खबर आयी है। पूरे परिवार को मौत के घाट उतारने के बाद  परिवार के मुखिया ने खुद भी अपनी जान दे दी। मामला मध्यप्रदेश का है। जहां सुबह घर से निकला एक शख्स और कुछ ही देर बाद दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से सामने आईं पांच मौतों की खबर। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है। छोला मंदिर थाना क्षेत्र स्थित घर में मां, पत्नी और दो मासूम बच्चों के शव मिले, जबकि परिवार के मुखिया नरेंद्र साहू का शव सूखी सेवनिया क्षेत्र के रेलवे ट्रैक पर बरामद हुआ। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि नरेंद्र ने पहले परिवार के चार सदस्यों की हत्या की और फिर ट्रेन के सामने जाकर जान दे दी। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने तक घटनाक्रम की अंतिम पुष्टि नहीं हुई है।

घर के भीतर मिले मां, पत्नी और बच्चों के शव

पुलिस के मुताबिक, छोला मंदिर थाना क्षेत्र के मालीखेड़ी स्थित मकान में नरेंद्र साहू की मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), बेटी कृति साहू (10) और बेटे खुश साहू (6) के शव मिले। शुरुआती जानकारी के अनुसार, चारों के सिर और गले पर चोट के निशान पाए गए हैं।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

एक ही घर में चार लोगों की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस और जांच टीमें मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। फोरेंसिक टीम भी जांच में जुटी है।

CCTV में सुबह घर से निकलता दिखा नरेंद्र

जांच के दौरान पुलिस को घर से जुड़े सीसीटीवी कैमरे का फुटेज मिला है। एसीपी निशातपुरा शशांक जैन के मुताबिक, फुटेज में नरेंद्र सुबह करीब 7:30 से 8 बजे के बीच घर से बाहर निकलता दिखाई दे रहा है। पुलिस इस फुटेज के आधार पर घटनाक्रम की समय-सीमा और उसके बाद की गतिविधियों की पड़ताल कर रही है।

दूसरे थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर मिला शव

इधर, सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां के पास रेलवे ट्रैक पर नरेंद्र साहू (35) का शव मिला। पुलिस को संदेह है कि घर में चारों परिजनों की मौत के बाद नरेंद्र ने ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या की। दोनों घटनास्थलों की जांच अलग-अलग पुलिस टीमें कर रही हैं।

कर्ज का दबाव या कोई दूसरी वजह? जांच के बाद खुलेगा राज

शुरुआती जानकारी में परिवार के मुखिया पर कर्ज का दबाव होने की बात सामने आई है। कुछ मीडिया रिपोर्टों में कारोबार में नुकसान की आशंका भी जताई गई है। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह की पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच में आर्थिक स्थिति, पारिवारिक परिस्थितियों और घटनाक्रम से जुड़े दूसरे पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और अन्य जांच के बाद ही पांचों मौतों के कारण और घटनाओं का क्रम स्पष्ट हो सकेगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close