झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारी पर होगी विभागीय कार्रवाई अधिसूचना जारी, ये है मामला

रांची : राज्य सरकार ने झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारी और तत्कालीन बीडीओ भंडरा, लोहरदगा तेज कुमार हस्सा पर विभागीय कार्यवाही चलाने का आदेश दिया है. उनके ऊपर अपने पद पर रहते हुए फर्जी निकासी कर 12.35 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितता तथा निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी तथा नियंत्री पदाधिकारी के रूप में अपने दायित्वों का निर्वाह नहीं करने संबंधी आरोप है. पूरे मामले पर उपायुक्त लोहरदगा ने छह जून 2020 को ही कार्रवाई की अनुशंसा की. ग्रामीण विकास विभाग ने पूरे मामले की जांच कराके कार्मिक विभाग को आग्रतर कार्रवाई के लिए पत्र लिखा.
विभाग ने मामले की जांच की जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप प्रमाणित पाये गये. इसके बाद सेवानिवृत आइएएस अधिकारी अरविंद कुमार को विभागीय कार्यवाही चलाने के लिए जांच संचालन पदाधिकारी के पद पर नियुक्त किया गया है. आरोपो पदाधिकारी से 15 दिनों के अंदर लिखित बचाव बयान मांगा गया है. इस संबंध में कार्मिक विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है.










