Tomato Chokha Recipe: रोटी के साथ चाहिए कुछ चटपटा? 10 मिनट में बनाएं धुएं की खुशबू वाला टमाटर चोखा

Tamatar Chokha Recipe: रोज-रोज रोटी के साथ एक जैसी सब्जी खाकर अगर आप भी बोर हो गए हैं और कुछ ऐसा खाने का मन है जो चटपटा, स्वादिष्ट और झटपट तैयार हो जाए, तो टमाटर का चोखा एक बेहतरीन विकल्प है।
आलू के चोखे से अलग इसका स्वाद भुने हुए टमाटर की वजह से बेहद खास होता है। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और इसमें प्याज-लहसुन डालना भी जरूरी नहीं है। तो चलिए जानते हैं 10 मिनट में बनने वाले इस देसी और स्वादिष्ट टमाटर चोखे की आसान रेसिपी।
टमाटर चोखा बनाने के लिए सामग्री
- 3-4 पके हुए टमाटर
- 2 हरी मिर्च
- 2 बड़े चम्मच भुनी हुई मूंगफली
- 1 छोटा चम्मच भुना हुआ जीरा
- आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
- स्वादानुसार नमक
- 1 बड़ा चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
- 1 छोटा चम्मच नींबू का रस
कैसे बनाएं टमाटर का चटपटा चोखा?
1. टमाटर और मिर्च को भूनें
सबसे पहले टमाटर और हरी मिर्च पर थोड़ा तेल अच्छी तरह लगा लें। अब इन्हें गैस की सीधी आंच पर भूनें। टमाटर को तब तक भूनें, जब तक उनका छिलका हल्का काला न पड़ जाए और टमाटर अंदर से पूरी तरह नरम न हो जाएं।
भुनने के बाद इन्हें एक प्लेट में निकालकर थोड़ा ठंडा होने दें और फिर टमाटर के छिलके उतार लें।
2. मिक्सी नहीं, सिलबट्टे का करें इस्तेमाल
अब भुने हुए टमाटर और हरी मिर्च को भुनी मूंगफली, भुना जीरा, काली मिर्च और नमक के साथ सिलबट्टे पर रखें।
इन्हें हल्के हाथों से दरदरा कूटें। ध्यान रखें कि मिश्रण को बिल्कुल बारीक पेस्ट न बनाएं। चोखे का असली मजा उसके हल्के दरदरे टेक्सचर में ही आता है।
3. आखिर में डालें ये चीजें
अब तैयार चोखे में बारीक कटा हुआ हरा धनिया और नींबू का रस डालें। दोनों को अच्छी तरह मिला लें।
बस तैयार है आपका चटपटा और स्मोकी टमाटर चोखा।
रोटी के साथ ऐसे करें सर्व
टमाटर चोखे को गरम-गरम रोटी के साथ परोसें। इसके अलावा इसे पराठे, पूरी या चावल के साथ भी खाया जा सकता है।
आप इसे हल्का गर्म या कमरे के तापमान पर भी सर्व कर सकते हैं। भुने टमाटर की खुशबू और मूंगफली का स्वाद इसे और भी खास बना देता है।
स्वाद बढ़ाने के लिए इन बातों का रखें ध्यान
टमाटर चोखे का स्वाद तभी शानदार आएगा जब आप कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखेंगे।
- हमेशा पूरी तरह पके और रसीले टमाटर इस्तेमाल करें।
- टमाटर को अच्छी तरह भूनें, लेकिन उन्हें पूरी तरह जलने न दें।
- चोखे को मिक्सी में पीसने से बचें, इससे इसका पारंपरिक टेक्सचर बदल सकता है।
- मूंगफली और जीरा भुना हुआ इस्तेमाल करने से स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं।
- नींबू का रस आखिर में डालें, इससे चोखे का स्वाद और भी चटपटा हो जाएगा।
तो अगली बार रोटी के साथ कुछ अलग और झटपट बनाना हो, आलू की सब्जी छोड़कर इस देसी टमाटर चोखे को जरूर ट्राई करें।












