कौन बनेगा केंद्रीय मंत्री ? विद्युत वरण या चंद्रप्रकाश, किसकी चमकेगी किस्मत, जानिये आंकड़ों में किसका दावा मजबूत

By :  Aditya
Update: 2024-09-23 14:45 GMT

नयी दिल्ली/रांची। भाजपा इस बार झारखंड में हर हाल जीत दर्ज करना चाहती है। लिहाजा वो राज्य से लेकर केंद्र तक में जोर लगाये हुए हैं। केंद्रीय मंत्री लगातार झारखंड का दौरा कर रहे हैं, तो वहीं संगठन स्तर पर भी जान फूंकने की पूरजोर कोशिश है। इधर खबर ये है कि ओबीसी वोट बैंक को साधने के लिए भाजपा जल्द ही केंद्रीय मंत्रीमंडल में फेरबदल कर सकती है।


शिवराज सिंह चौहान ने जिस तरह के संकेत दिये हैं, उससे साफ है कि आने वाले दिनों दिनों किसी एक कुर्मी सांसद को केंद्रीय मंत्रीमंडल में शामिल किया जायेगा।

"
"

चर्चा तो ज्यादा विद्युत वरण महतो को लेकर चल रही है, कि उन्हें कुर्मी वोट बैंक को साधने के लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। प्रदेश भाजपा चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने इसके संकेत दिए हैं, कि झारखंड से कुर्मी सांसद केंद्र में मंत्री बनेंगे। हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया था। लेकिन सीनियरिटी और सियासी कद को देखते हुए विद्युत वरण महतो की दावेदारी आगे चल रही है।

पार्टी स्तर पर जो संकेत मिल रहे हैं, उसके मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कैबिनेट के अगले विस्तार में भाजपा के जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो केंद्रीय मंत्री बन सकते हैं। जिस ढंग से भाजपा विद्युत को प्रमोट कर रही है, उससे यह लगता है कि पार्टी की नजर उन पर ही है, क्योंकि संगठन ने विद्युत को बड़ा दायित्व सौंपते हुए विधानसभा चुनाव के कैंपेन कमेटी का संयोजक भी बना दिया गया है। इससे उनके मंत्री बनने की संभावना बढ़ गई है।

हालांकि चंद्रप्रकाश चौधरी भी प्रमुख दावेदार में से एक हैं। इससे पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल में आजसू को जगह नहीं मिली थी, जिससे पार्टी के नेता और कार्यकर्ता काफी नाराज थे। सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने तो अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर भी की थी। बाद में आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने बीजेपी नेतृत्व से बात कर उन्हें मनाया था।चंद्रप्रकाश चौधरी ने गिरिडीह और विद्युत वरण महतो ने जमशेदपुर लोकसभा सीट से जीत हासिल की है।

फिलहाल बीजेपी का पूरा फोकस कोल्हान की 14 विधानसभा सीटों पर है, इसे लेकर विशेष रणनीति बनाई जा रही है। इसी कड़ी में कोल्हान टाइगर के नाम से चर्चित पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन को भी बीजेपी में शामिल कराया गया है। ऐसे में इस बात की ज्यादा संभावना है कि कैबिनेट विस्तार में विद्युत वरण महतो को मौका मिल सकता है।

Tags:    

Similar News