झारखंड में नयी भर्तियां: मुख्यमंत्री ने दिया जल्द से जल्द भर्ती प्रक्रिया पूरा करने का निर्देश, शीर्ष अधिकारियों की ली बैठक

By :  HPBL
Update: 2024-07-09 17:23 GMT

रांची। झारखंड में अगले तीन महीनों में बंपर नौकरियां मिलेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज शीर्ष अधिकारियों की बैठक ली और उन्हें तीव्र गति से नियुक्ति प्रक्रिया पूरा करने का निर्देश दिया। पुलिस और प्रशासन विभाग की बैठक में मुख्यमंत्री को विज्ञापन और नियुक्ति के संदर्भ में विस्तृत जानकारी दी गयी। मुख्यमंत्री को ये भी बताया कि किन किन पदों पर विज्ञापन जारी हो चुके हैं और किन किन पदों पर भर्तियां होनी है।

"
"

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों की बातों को सुनकर निर्देश दिया कि जितनी भी भर्तियां हैं, उन सभी को आचार संहिता लागू होने के पूर्व पूर्ण कर लें। आपको बता दें कि इसी साल झारखंड में चुनाव है। चर्चा है कि इस बार चुनाव तय समय से दो महीने पहले हो सकता है, लिहाजा राज्य सरकार नियुक्तियों को लेकर पूरे एक्शन में हैं। जानकारी दी गयी है कि करीब 40 हजार पदों पर भर्तियां होनी है।

40 हजार पदों पर होगी भर्तियां

झारखंड में अगले तीन महीने में 40 हजार से ज्यादा भर्तियां होनी है। इसमें झारखंड प्रारंभिक विद्यालय में इंटरमीडिएट स्तर के प्रशिक्षित सहायक आचार्य के 11,000 और स्नातक स्तर के 15,001 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है। इसी तरह स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षक के 1,868, झारखंड डिप्लोमा स्तर संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के 153, झारखंड नगर पालिका सेवा संवर्ग संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के 921, झारखंड औद्योगिक प्रशिक्षण सेवा परीक्षा के 904, महिला पर्यवेक्षिका के 488 पद, झारखंड सामान्य स्नातक योग्यता धारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के 2,025 और झारखंड पारा मेडिकल संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से 2,532 पदों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया अलग-अलग चरणों में पहुंच चुकी है। झारखंड उत्पाद आरक्षी के 580 और झारखंड पुलिस में कांस्टेबल के 4,919 पदों पर नियुक्ति होनी है।

Tags:    

Similar News