झारखंड : आयुष्मान योजना के नाम पर ठगी का प्रयास, रांची में फर्जी कॉल से अस्पतालों को धमकी
Attempted Fraud in the Name of Ayushman Scheme: Hospitals in Ranchi Threatened via Fake Calls

झारखंड : रांची में आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना से जुड़े अस्पतालों को निशाना बनाकर ठगी का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी ने सभी अस्पतालों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है।
फर्जी अधिकारी बनकर किया कॉल
जानकारी के अनुसार, मुंधड़ा हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि वरुण मुंधड़ा को 25 मार्च की सुबह एक संदिग्ध कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को अजय अग्रवाल बताते हुए प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का नोडल अधिकारी बताया।
उसने दावा किया कि अस्पताल के खिलाफ 256 पेज की शिकायत दर्ज है और जल्द ही जांच टीम पहुंचने वाली है। इसके बाद शिकायत की कॉपी देने और मामले को मैनेज करने के नाम पर पैसों की मांग की गई।
समय रहते सामने आई सच्चाई
अस्पताल प्रबंधन को कॉल संदिग्ध लगा, जिसके बाद उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी संबंधित एजेंसियों को दी। सतर्कता के चलते संभावित ठगी को समय रहते रोक लिया गया।
शिकायत के बाद जांच शुरू
अस्पताल की ओर से मामले की जानकारी नेशनल इंश्योरेंस कंपनी को ईमेल के माध्यम से दी गई। कंपनी ने इसे गंभीरता से लेते हुए आरोग्य सोसाइटी को जांच के लिए भेज दिया। अब पूरे मामले की जांच जारी है और ठग गिरोह की पहचान की कोशिश की जा रही है।
सरकार ने जारी किया अलर्ट
आरोग्य सोसाइटी के कार्यकारी निदेशक छवि रंजन ने सभी अस्पतालों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति खुद को अधिकारी बताकर डराने या पैसे मांगने की कोशिश करे, तो उस पर भरोसा न करें।
क्या करें ऐसे मामलों में
- किसी भी संदिग्ध कॉल पर तुरंत सतर्क रहें
- व्यक्तिगत या संस्थागत जानकारी साझा न करें
- तुरंत नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं












