भीषण हादसा: मुंडन के लिए देवघर आ रहा परिवार दर्दनाक एक्सीडेंट का शिकार, जुड़वा भाई-बहन समेत 5 की गयी जान

जमुई। भीषण सड़क हादसे में जुड़वा भाई बहन समेत 5 लोगों की मौत हो गयी। घटना जमुई के चकाई देवघर मुख्य मार्ग के बसबुटिया गांव स्थित राधाकृष्ण ढाबा के समीप की है। हादसा उस वक्त हुई, जब एक तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गयी। कार में कुल 9 लोग सवार थे, जिसमें से 5 लोगों की मौत हो गयी, जबकि चार की हालत गंभीर है।
जानकारी के मुताबिक सभी लोग आरा के नवादा गांव से देवघर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ही ये दर्दनाक हादसा हो गया। मृतकों में आरा जिले के नवादा थाना सहार निवासी नागेंद्र कुमार की पत्नी नेहा देवी (30), बेटी नंदनी कुमारी (5), बेटा अभिनन्दन कुमार (5) के रूप में हुई है। मृतक नेहा देवी की नानी बाबुनी देवी (75) की भी हादसे में मौत हो गई, जो रोहतास जिले के कचौन थाना क्षेत्र के साकिन कैथी की रहने वाली थी। वहीं, भोजपुर के साकिन कोयल निवासी सुमित्रा देवी (55) की भी मौत हुई है।
मृतकों में जुड़वा भाई-बहन और तीन महिला शामिल है। दोनों बच्चों के मुंडन संस्कार में परिवार देवघर जा रहा था। लोगों के मुताबिक हादसा सुबह करीब 4 बजे हुई है। चालक को कार चलाने के दौरान झपकी आ गयी, जिसकी वजह से कार अनिंयत्रित हो गयी और पेड़ से टकरा गयी। कार की रफ्तार काफी ज्यादा थी, पेड़ से टकराने के बाद कार के परखच्चे उड़ गये।











